स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चार दुकानों से भरे सैंपल
झज्जर। दीपावली की दस्तक के साथ ही बाजार में मिठाईयों की डिमांड बढ़ने लगी है। डिमांड को देखते हुए मुनाफाखोरों के साथ-साथ मिलावटखोर भी अब सक्रिय हो गए हैं। इसलिए उपायुक्त सोनल गोयल ने भी स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को दीपावली पर मिलावट रोकने के कडे़ निर्देश जारी किए हैं। स्वास्थ्य विभाग की एफएसओ टीम द्वारा दीपावली सीजन पर अभी तक मिठाइयों के 29 सैंपल झज्जर सहित अन्य कस्बों से लिए जा चुके हैं। वीरवार को एफएसओ महाबीर सिंह की टीम ने झज्जर शहर में 4 दुकानों से मिठाइयों के सैंपल भरे। एफएसओ महाबीर सिंह ने बताया कि झज्जर, बेरी, छुछकवास, झाडली, डीघल, छपार, माछरौली आदि स्थानों से 29 दूध से बनी मिठाईयों के अलावा अन्य मिठाईयों के सैंपल भरे गए हैं। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद ही मिठाई की गुणवत्ता व मिलावट की जानकारी मिल सकेगी और रिपोर्ट के अनुसार ही दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी। बहादुरगढ़ अभी तक सैंपल लेने का अभियान नहीं चला है लेकिन इसी सप्ताह बहादुरगढ़ में भी सैंपल भरने की योजना विभाग द्वारा बनाई गई है।
इन दुकानों से मिठाइयों के भरे गए सैंपल
वीरवार को झज्जर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मिठाइयों का सैंपल भरने का अभियान चलाया गया। जिसमें 4 दुकानों से सैंपल भरे गए। विभागीय जानकारी अनुसार झज्जर के चौपटा बाजार स्थित अग्रवाल स्वीट्स से पिन्नी का सैंपल भरा गया है। रामेहर पेठा भंडार व बाबा मिष्ठान भंडार के अलावा कुलदीप सिंह चौक स्थित रिहाल स्वीट्स से दूध से बनी व अन्य मिठाइयों के सैंपल भरे गए हैं।