बौंदकलां। सब स्टेशन सांजरवास डिवीजन कार्यालय के कर्मचारियों के रोडवेज विभाग के समर्थन में हड़ताल पर जाने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बिलों में त्रुटि ठीक करवाने के लिए ग्रामीणों को धक्के खाने पड़ रहे हैं। रोडवेज की हड़ताल से लोगों को परिवहन सेवा में परेशानी उठानी पड़ रही है। पिछले एक सप्ताह से अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों के समर्थन में हड़ताल करने पर आमजन की परेशानी काफी बढ़ गई है। 33 केवीए सब पावर डिवीजन कार्यालय के अधीन सांजरवास में कुल 42 नियमित कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें अधिकतर कर्मचारी हड़ताल पर चल रहे हैं।
बौंदकलां में बिजली बिलों की अदायगी की अंतिम तिथि पांच नवंबर है। बिजली निगम द्वारा जारी बिजली बिलों में काफी गड़बड़ी होने के कारण लोगों को बिजली निगम कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं लेकिन बिजली निगम की हड़ताल के चलते लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इसके साथ ही बिजली निगम की बिजली बिल माफी योजना पर भी हड़ताल का प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बिजली बिलों की बकाया राशि जमा नहीं हो पा रही है। इस बारे में बिजली एसडीओ जेपी घणघस ने बताया कि हड़ताल के चलते उन्होंने बिजली बिल माफी योजना के तहत 65 बिजली उपभोक्ताओं के एक लाख 70 हजार रुपये जमा किए हैं। हड़ताल के चलते कार्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।