पार्षद बोले, जिले में बने राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
शहर के पार्षदों ने समसपुर में राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम निर्माण की जोरदार मांग की है। पार्षदों का कहना है कि सरकार को इस पर जल्द निर्णय लेना चाहिए। पार्षदों ने समसपुर स्टेडियम को बहालगढ़ खेल स्टेडियम जैसा बनवाए जाने की बात कही है। उनके अनुसार जिले में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं। इसलिए स्टेडियम को राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाना चाहिए ताकि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें। इससे खिलाड़ियों की खेलों के क्षेत्र में और मनोबल बढ़ेगा। चरखी दादरी जिले की खेलों में ख्याति बढ़ेगी। इन पार्षदों ने सरकार से राष्ट्रीय स्टेडियम की मांग जल्द ही पूरा करने की मांग की है।
नगर पार्षद दिनेश जांगड़ा का कहना है कि चरखी दादरी में खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाए जाने की मांग सही है। चरखी दादरी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं। इसलिए यहां ऐसा स्टेडियम बनाया जाना जरूरी है। समसपुर में स्टेडियम बनने से सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। उनका कहना है कि राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनने से सभी खिलाड़ियों को फायदा होगा। यहां राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनने से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकेंगे।
नगर पार्षद बख्शी सैनी का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम निर्माण करवाना जरूरी है। चरखी दादरी में हर प्रकार के गेम्स के खिलाड़ी हैं ऐसे में यहां का मैदान राष्ट्रीय स्तर का होना चाहिए। स्टेडियम में सभी प्रकार की खेल सुविधाएं होनी चाहिए। आज खेलों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है ऐसे में चरखी दादरी में बहालगढ़ जैसा खेल स्टेडियम बनना जरूरी है।
महिला पार्षद पार्वती का कहना कि समसपुर में राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम बनाए जाने से सभी खिलाड़ियों को सुविधा होगी। राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनने से यहां राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकेंगे। जिले के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक दादरी का नाम रोशन कर सकेंगे। सरकार को स्टेडियम को राष्ट्रीय स्तर का बनाए जाने की मांग पूरी करनी चाहिए।
नगर पार्षद विनोद कुमार का कहना कि चरखी दादरी में बनने वाले खेल स्टेडियम में हर तरह खेल के मैदान बनने चाहिए। राष्ट्रीय स्टेडियम बनने के साथ-साथ सभी उत्तम सुविधाएं होनी चाहिए। राष्ट्रीय स्टेडियम बनने से खिलाड़ी को कोई कठिनाई नहीं होगी। चरखी दादरी में सभी प्रकार के खेलों के खिलाड़ी हैं। राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम की जिले को जरूरत है। खेल स्टेडियम नहीं होने से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में बाधाएं आ रही हैं समसपुर में मंजूर खेल स्टेडियम को बहालगढ़ की तर्ज पर बनाना चाहिए। सरकार को इस मांग को जल्द पूरा करना चाहिए।