झज्जर। दो बार समय सीमा बढ़ाने के बाद भी सरकारी कॉलेजों में लगभग 200 असिस्टेंट और एसोसिएट प्रोफेसरों ने शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए अपनी सेल्फ-असेस्मेंट रिपोर्ट ऑनलाइन नहीं भरी है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने अब सात अक्तूबर तक इसे ऑनलाइन भरने के निर्देश दिए हैं।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने सभी कॉलेज प्राचार्य को इस संबंध में पत्र जारी किया है। यह रिपोर्ट ऑनलाइन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त थी। बाद में इसे बढ़ाकर 15 सितंबर कर दिया गया था। इसके बावजूद लगभग 200 शिक्षकों ने अपनी अपनी रिपोर्ट एसीआर पोर्टल पर आनलाइन नहीं भरी। ऐसे में अब निदेशालय ने उनको एक बार और मौका दिया है।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने सभी प्राचार्य को निर्देश दिए हैं कि वे व्यक्तिगत रूप से सुनिश्चित करें कि वे अपने अधीनस्थ कार्यरत सभी शिक्षकों की सेल्फ अप्रेजल रिपोर्ट पर अपना प्रति उत्तर टिप्पणी 10 अक्तूबर तक आनलाइन भरकर भिजवाएं।
एसीआर भी भिजवानी होगी
मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन सहायक व एसोसिएट प्रोफेसरों को डीडीओ पावर दी गई है और जिनकाे तीन माह से कम का समय हो चुका है। उनकी एसीआर जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी के माध्यम से भरकर भिजवानी होगी। इस समय अवधि को मुख्यालय आगे नहीं बढ़ाएगा।
यदि किसी कारणवश एसीआर नहीं भरी जाती है तो उस वर्ष की सेल्फ अप्रेजल रिपोर्ट रद्द मानी जाएगी। मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की देरी के लिए सहायक प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, प्रोफेसर व प्राचार्य स्वयं जिम्मेवार होंगे।