झज्जर। हरियाणा बीज विकास निगम की दुकान से मंगलवार को किसानों को 20 क्विंटल पछेती किस्म का गेहूं बीज वितरित किया गया है। इसके अलावा शहर की अनाज मंडी में स्थित इफको केंद्र से किसानों को 100 बैग यूरिया वितरित किए गए।
किसान लगातार गेहूं का बीज व यूरिया लेने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे है। हरियाणा बीज विकास निगम की दुकान पर 170 क्विंटल पछेती किस्म का गेहूं का बीज पहुंचा था जिसमें से मंगलवार को 20 क्विंटल गेहूं का बीज किसानों को वितरित किया गया है। बचा हुआ 150 क्विंटल पछेती किस्म का गेहूं का बीज आगामी दिनों में वितरित किया जाएगा।
इफको केंद्र पर 800 बैग यूरिया बचा हुआ था जिसमें से मंगलवार को 100 बैग यूरिया किसानों को वितरित किया गया है। वहीं बचे हुए 700 बैग यूरिया आगामी दिनों में किसानों को वितरित किए जाएंगे।
मांग के बाद भी नहीं मिला यूरिया
उप प्रबंधक बालकिशन शर्मा ने बताया कि हरियाणा भूमि सुधार विकास निगम के उप प्रबंधक की तरफ से पांच दिन पहले जिंक, सल्फर, सागरिका व यूरिया की मांग की गई थी लेकिन रोहतक व रेवाड़ी में रैक लगने के बाद भी उन्हें यूरिया नहीं मिला है।
मंडियों में धान की प्राइवेट खरीद
जिले की अनाज मंडियों में धान की प्राइवेट खरीद व उठान लगातार जारी है। झज्जर अनाज मंडी में मंगलवार को 1509 हाथ का 100 क्विंटल धान 3,171 रुपये प्रति क्विंटल, 1718 हाथ का 1,000 क्विंटल धान 3,731 रुपये प्रति क्विंटल, 1121 हाथ का 5,000 क्विंटल धान 4,001 रुपये प्रति क्विंटल, 1885 किस्म का 500 क्विंटल धान 3,750 रुपये प्रति क्विंटल, मातनहेल अनाज मंडी में 1121 हाथ का 500 क्विंटल धान 3,900 रुपये प्रति क्विंटल और 1718 हाथ का 250 क्विंटल धान 3,700 रुपये प्रति क्विंटल खरीदा गया।