-फोटो 63 : नरेंद्र सिंह, शिकायतकर्ता।
बहादुरगढ़। जटवाड़ा मोहल्ला निवासी नरेंद्र सिंह ने तहसीलदार व संबंधित राजस्व अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी जमीन की पैमाइश वर्षों से लंबित है लेकिन अधिकारी जानबूझकर मनमानी कर रहे हैं। कई बार लिखित शिकायतें देने और समाधान शिविरों में गुहार लगाने के बावजूद अब तक समस्या का निवारण नहीं हो पाया।
नरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को शिकायत देकर समस्या का समाधान करवाने की गुहार लगाई है। नरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में बताया कि उन्होंने 20 दिसंबर 2023 को जमाबंदी व रिकॉर्ड के अनुरूप पैमाइश करने की मांग की थी लेकिन राजस्व कर्मचारी व तहसीलदार ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इससे पहले वह 16 फरवरी 2025 के समाधान शिविर में आवेदन संख्या 376 के तहत अपनी समस्या रख चुके हैं। इसके बाद 28 फरवरी 2025 को ऑनलाइन शिकायत (कार्रवाई संख्या 0.26072) भी दर्ज करवाई गई जिसकी जांच में 2004 के रिकॉर्ड के अनुसार पैमाइश में त्रुटि की पुष्टि हुई लेकिन उसके बाद भी कार्य आगे नहीं बढ़ पाया।
नरेंद्र ने बताया कि 2005 में भी वह संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाते रहे लेकिन उनका काम अधूरा ही रह गया। उन्होंने 10 सितंबर 2025 और 3 नवंबर 2025 को उपायुक्त को भी शिकायत सौंपी जहां समाधान शिविर में सुनवाई तो हुई लेकिन कार्रवाई आज तक नहीं की गई।
वह मानसिक तनाव में हैं और आर्थिक रूप से भी प्रभावित हैं। नरेंद्र ने मुख्यमंत्री व उच्च अधिकारियों से जमीन की तुरंत पैमाइश करवाने और लापरवाही बरतने वाले राजस्व अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।