बाढड़ा। सरकार के ई-ट्रेडिंग से गेहूं खरीद करने के फैसले के विरोध में दादरी मंडी के बाद बाढड़ा मंडी के आढ़ती भी आ गए हैं। शुक्रवार को बाढड़ा मंडी के आढ़तियों ने बैठक कर सरकार के इस फैसले पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने सरकार से इस फैसले पर यू-टर्न लेने की मांग की है।
आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष हनुमान शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार प्रतिदिन कोई न केाई नई शर्त थोंपकर अन्नदाताओं व आढ़तियों का परेशान कर रही है। इसे किसी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार गेहूं की स्वतंत्र खरीद आढ़तियों की मार्फत कराए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में मंडियों में बारदाने, लेबर व अन्य मुलभूत सुविधाओं के अभाव से किसान और आढ़ती जूझ रहे हैं। वहीं, सरकार समस्याओं का समाधान करने की बजाय आढ़तियों पर शर्तें थोंप रही है। इस मौके पर आनंद सांगवान, मंजीत नांधा, रणजीत डालावास, अशोक दुधवा, नवीन चांदवासिया, दीपक बेरला मौजूद थे।