अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। जिले के गांव रामलवास निवासी एक युवक की देश विरोधी नारे लगाते बाद में माफी मांगने की वीडियो वायरल हुई है। पहले वीडियो में देश विरोधी नारे लगा रहा है इसके बाद जारी तीन वीडियो में अपने कृत्यों की देशवासियों से माफी मांगते नजर आ रहा है। शिव सेना साधु विंग ने उक्त युवक के खिलाफ सिटी थाने में शिकायत सौंपी है। रामलवास झोझूकलां थाना क्षेत्र का गांव होने के कारण शिकायतकर्ता को वहीं भेज दिया है। शिकायतकर्ता पक्ष ने देश विरोधी नारे लगाने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग जिला पुलिस से की है। वीडियो में जो युवक नारे लगाता नजर आ रहा है, वह रामलवास गांव का ही रहने वाला है। इसकी पुष्टि गांव के सरपंच सुरेंद्र ने की है।
पुलिस को दी शिकायत में शिव सेना साधु विंग जिला इकाई सदस्यों ने बताया कि शिव सेना चरखी दादरी नाम से उन्होंने एक व्हाट्स एप ग्रुप बनाया है। इस ग्रुप पर शनिवार को एक छह सेकेंड का वीडियो वायरल हो गया। इसमें एक युवक किसी दुकान पर बैठा नजर आ रहा है। वीडियो में उक्त युवक का कहना है कि वह होशोहवास में देश विरोधी नारे लगा रहा है। इसके बाद उसने माफी मांगने की तीन अलग-अलग वीडियो भी जारी की हैं। ये तीनों वीडियो 24, 55 व सात सेकेंड की हैं। इन तीनों वीडियो में उक्त युवक सफाई देता नजर आ रहा है। तीनों वीडियो में वह अपने किए की देशवासियों से माफी मांग रहा है। माफीनामा के मुताबिक उक्त युवक का कहना है कि यार दोस्त कहीं बैठे थे। इस दौरान गलती से मुंह से निकल गया। उसके एक दोस्त ने धोखे से उसकी यह वीडियो वायरल कर दी।
रामलवास का ही रहने वाला है उक्त युवक : सरपंच
रामलवास सरपंच सुरेंद्र ने कहा कि देश विरोधी नारे लगाने की वीडियो वायरल होने के बाद उक्त युवक ने तीन वीडियो जारी कर अपने किए पर माफी मांगी है। वह रामलवास गांव का ही रहने वाला है। सुनने में आया कि वो दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान छह सेकेंड के वीडियो में उसने नारे लगाए। अब वह अपने किए पर पछता रहा है।
इस संबंध में हमने सिटी थाना पुलिस को शिकायत सौंपी थी। शाम करीब चार बजे थाने से फोन आया कि रामलवास गांव झोझू चौकी के अधीन आता है और शिकायत आपको वहीं देनी पड़ेगी। इसके बाद हम शिकायत वापस ले आए और अब शिकायत झोझूकलां पुलिस चौकी में देकर उक्त युवक पर कार्रवाई की मांग करेंगे। - रणदीप सहरावत, जिला प्रवक्ता, साधु विंग
इस संबंध में हमें शिकायत मिली थी लेकिन रामलवास गांव झोझूकलां चौकी के अधीन आता है। इसलिए शिकायतकर्ता पक्ष को वहां जाकर शिकायत देने की बात हमने कही है। - दलबीर सिंह, सिटी थाना प्रभारी