अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। नगर परिषद ने नई बनाने के लिए गांधी नगर की मुख्य सड़क को एक माह पहले उखाड़ा था लेकिन सीवर लाइन न डलने के कारण सड़क निर्माण कार्य भी शुरू नहीं हो पा रहा। जन स्वास्थ्य विभाग का तर्क है कि सीवर लाइन के सवा दो करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को हेड ऑफिस से मंजूरी मिल चुकी है। अगले सप्ताह से सीवर लाइन डालने का काम शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, नप अधिकारियों का कहना है कि सीवर लाइन डलने के तुरंत बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा और इसके लिए टेंडर अलॉटमेंट प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। इस समय करीब 500 मीटर लंबी सड़क ऊबड़-खाबड़ पड़ी है। यहां पानी का जमाव होने से गांधी नगर की करीब दस हजार की आबादी को परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
वार्ड-दो गांधी नगर में सीसीआई गेट से लेकर ढाणी फाटक तक सड़क का नगर परिषद 43लाख से जीर्णोद्घार कराएगी। करीब दो साल के इंतजार के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। करीब एक माह पहले निर्माण के लिए सड़क खोदी गई थी लेकिन काफी इंतजार के बाद भी यहां न तो सीवर लाइनें डाली गई हैं और न ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। इस समय इस सड़क से चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी बंद है। इसके चलते गांधी नगर के लोगों को लंबा घूमकर अपने प्रतिष्ठानों तक पहुंचना पड़ रहा है। वहीं, उखाड़ी गई सड़क पर सीवर का पानी जमा है। इसके चलते यहां से पैदल गुजरना भी दूभर बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर जमा पानी से घर में बैठना भी मुश्किल हो गया है और शिकायत करने के बाद भी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। लोगों का कहना है कि एक माह पहले सीसीआई गेट से लेकर ढाणी फाटक तक नई सड़क बनाने के लिए पुरानी को जेसीबी की सहायता से उखाड़ा गया था। इसके चलते घरों से निकलने वाली नालियों को भी तोड़ दिया गया था। अब दूषित पानी सीवर के बजाय घरों के सामने जमा हो रहा है। लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग से तुरंत सीवर लाइन डालने और नगर परिषद से सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
गलियों में भी जमा है दूषित पानी
लोगों ने बताया कि सीवर व्यवस्था ठप होने से यहां रहना भी मुश्किल हो रहा है। सीवर का पानी ओवरफ्लो कर सड़क पर जमा रहता है जिसके चलते आवागमन में आमजन को भी परेशानियां होती हैं। लोगों ने बताया कि मेन लाइन में सीवर के दूषित पानी की निकासी न होने से ओवरफ्लो की स्थिति बनी हुई है। वहीं, वार्ड की गलियों में भी पिछले दो माह से दूषित पानी जमा है। विभाग के अधिकारियों को शिकायत देने के बाद भी समाधान नहीं हुआ है।
लोग बोले: नप और जन स्वास्थ्य विभाग समस्याओं से दिलाए छुटकारा
सड़क एक माह पहले खोदी गई थी। तब से ही यहां से वाहन चालक आवागमन नहीं कर पा रहे। अब तक जन स्वास्थ्य विभाग न यहां नई सीवर लाइन नहीं डाली है और नगर परिषद ने निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया है। - संदीप कुमार, दुकानदार
एक माह से गांधी नगर सड़क पर सीवर का पानी जमा है। लोग नई सीवर लाइन डलने और सड़क बनने का इंतजार कर रहे हैं। इस समय स्थानीय लोग बेहद परेशानियां झेल रहे हैं। विभागों को समस्या का समाधान करना चाहिए। - रामपाल, दुकानदार
सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोग बेहद परेशान हैं। कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ और समस्या जस की तस है। इस समय गांधी नगर सड़क से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। - सौरभ गोयल, गांधी नगर निवासी
- सीवर लाइन की नियमित सफाई नहीं की जाती और इसके चलते लाइन ब्लॉक पड़ी है। सीवर का पानी ओवरफ्लो कर घरों के सामने जमा है लेकिन विभाग समस्या को नजरअंदाज कर रहा है। वार्ड की गलियों में भी ये ही स्थिति बनी है। - धर्मपाल, गांधी नगर निवासी
नई सीवर लाइनें बिछाने को हेड ऑफिस से मंजूरी मिल चुकी है। एक सप्ताह के अंदर गांधी नगर में सीवर लाइन डालने का काम शुरू करवा दिया जाएगा।
मनोज कुमार, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग