अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। उपायुक्त सोनल गोयल ने कहा कि झज्जर जिले में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 31 जनवरी को होगा। इस बार जिले की मतदाता सूची में 12 हजार से अधिक नए मतदाता जोड़े गए हैं। वहीं हरियाणा सरकार द्वारा विभिन्न सेवाओं व योजनाओं का पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाने के लिए आरंभ की गई फैमिली आईडी स्कीम के तहत जिले में 61,630 परिवारों के परिवार पहचान पत्र तैयार किए गए हैं। उन्होंने यह जानकारी बुधवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान जनवरी माह में जिले की उपलब्धियों का विवरण देते हुए दी। उपायुक्त ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान जिले में कार्यरत एक हिंदी पत्रिका की संवाददाता निशा सैनी के निधन पर भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने सम्मेलन में पहुंचे संवाददाताओं के साथ दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना भी की।
ड्रॉप आउट कम करने पर मिला अवॉर्ड
उपायुक्त ने बताया कि जनवरी माह के दौरान राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से जिले को शिक्षा के माध्यम से बेटियों को सशक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय अवॉर्ड मिला। इसके साथ ही एक अन्य उपलब्धि की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से हाल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियों पर आधारित इनोवेशन शीर्षक से बुकलेट का प्रकाशन किया है। इनोवेशन बुकलेट में झज्जर जिला प्रशासन के कार्यक्रम उमंग एक पहल की सफलता को शामिल किया गया है। इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सतीश कुमार, एआईपीआरओ बहादुरगढ़ दिनेश कुमार, एआईपीआरओ बेरी बिजेंद्र सहित जिले अन्य मौजूद रहे।