अमर उजाला ब्यूरो
बेरी। बेरी सबडिवीजन के बिजली निगम की एसडीओ टीम ने मई माह में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ स्पेशल अभियान चलाकर 118 बिजली चोरी पकड़ी हैं। बिजली निगम की 3 टीमों ने 30 दिन में 33 लाख का जुर्माना लगाया है और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। बिजली निगम के अधिकारियों की मानें तो जो बिजली चोरी करने वाला उपभोक्ता समय पर जुर्माने की अदायगी कर देता है तो निगम पुलिस विभाग को 152 का नोटिस भेजकर उस उपभोक्ता के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने के लिए रोक दिया जाता है।
बेरी एसडीओ की टीम ने की टीम ने बेरी, मातनहेल और बहु डिवीजन में दिनरात चेकिंग कर 118 उपभोक्ताओं को चोरी करते हुए पकड़ा है, हालांकि टीम ने अकेले बेरी डिवीजन में 50 उपभोक्ता पर 22 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का काम किया है। बिजली निगम की टीम द्वारा पहले आमतौर पर दिन के समय बिजली चोरी पकड़ने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जाता था। लेकिन अब बिजली निगम ने बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कमर कस ली है। अब एसडीओ हेमंत जून के नेतृत्व में बेरी की तीन टीमें दिन निकलते ही घरों मे दस्तक दे रही हैं और शाम को 5 पुलिसकर्मियों के साथ घरों में बिजली चोरी पकड़ने का कार्य युद्ध स्तर छेड़ रखा है। मई माह में बिजली निगम ने 118 चोरी पकड़ी और 33 लाख रुपये का जुर्माना करने का काम किया है। बिजली निगम के अधिकारियों की मानें तो बेरी क्षेत्र में 55 प्रतिशत चोरी हो रही है। जिसके कारण निगम को हर माह लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।