भाजपा की जींद रैली: ठेके रहेंगे बंद, महेंद्रगढ़-भिवानी मार्ग पर रोका जाएगा भारी ट्रैफिक
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जींद रैली के मद्देनजर प्रशासन ने धारा-144 लागू की है। उपायुक्त ने जिले के शराब के सभी ठेके भी बंद रखने के आदेश दिए हैं। रैली में जाने और आने वाले बाइकों के काफिले को देखकर प्रशासन चार घंटे के लिए भिवानी-महेंद्रगढ़ मार्ग पर ट्रैफिक रोक सकता है। प्रशासन ने महेंद्रगढ़ की तरफ आदमपुर पुलिस चौकी के समीप और भिवानी की तरफ कितलाना नाका पर भारी वाहन सुबह और शाम दो-दो घंटे रोकने की योजना तैयार की है। प्रशासन इसी मुख्यमार्ग को संवेदनशील मान रहा है। वहीं, बुधवार को प्रशासन ने दादरी और बाढड़ा में अर्द्ध सैनिक बलों के साथ शांति मार्च निकालकर लोगों से कानून व्यवस्थाएं बनाए रखने की अपील की है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिले में 1296 जवान इस समय मौजूद हैं। आज सुबह छह बजे तक जिले के सभी 18 नाकों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट और फोर्स को पहुंचने के आदेश उपायुक्त की तरफ से जारी हुए हैं।
इस समय जिले में सीआईएसएफ की चार कंपनियां पहुंच चुकी हैं। इसके अलावा सुनारिया ट्रेनिंग सेंटर से भी 200 जवान बुलाए हैं। जवानों की कमी को देखकर जिले में तैनात किसी भी पुलिस कर्मचारी की जींद रैली में ड्यूटी नहीं लगी है। पुलिस विभाग ने लॉ एंड आर्डर बरकरार रखने के लिए इन जवानों के अलावा स्पेशल पुलिस ऑफिसर और होमगार्ड सहित आईआरबी के जवानों की भी मदद ली है। बुधवार को लघु सचिवालय में पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने पुलिस जवानों और अर्द्ध सैनिक बल के जवानों को आवश्यक निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कोई भी हिंसक गतिविधि नहीं होने दी जाएगी और इसके लिए सभी जवान पूर्णतया अलर्ट रहें। वहीं, जिला उपायुक्त ने तमाम जिला अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए। उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त को आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधीश द्वारा आबकारी अधिनियम की धारा-54 के तहत जारी आदेशों के अनुसार 15 फरवरी की सुबह आठ से शाम छह बजे तक जिले में संचालित शराब के सभी ठेके बंद रहेंगे। जारी आदेशों में कहा गया है कि वीरवार को जींद में होने वाली रैली के लिए चरखी दादरी से जिले के अलावा अन्य जिलों के लोगों की मोटरसाइकिल गुजरेंगी। इस दौरान कोई भी असामाजिक तत्व जिला में कानून व शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर सकता है। जिला में आमजन की सुरक्षा, कानून एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के मद्देनजर शराब के ठेकों को निर्धारित अवधि में बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। मंगलवार को जारी आदेशों में संशोधन कर उपायुक्त ने केवल 15 फरवरी के लिए ही धारा-144 लागू करने के नए आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन के प्रबंधों पर एक नजर
सीआईएसएफ की चार कंपनियां हैं जिले में तैनात
पुलिस के 964 जवान इस समय जिले में हैं तैनात
बाढड़ा, दादरी व बौंद क्षेत्र में लगाए गए हैं 19 नाके
आठ नाकों को जिला प्रशासन मान रहा संवेदनशील
दो चरणों में चार घंटे ट्रैफिक रोकने की प्लानिंग
विभिन्न विभागों के 19 अधिकारी बनाए ड्यूटी मजिस्ट्रेट
20 पैंथर बाइक सवार जिले में लगातार करेंगे गश्त
87 एसपीओ, 32 आईआरबी जवानों व 32 होमगार्ड भी किए तैनात
फोर्स की नाकों पर तैनाती के लिए रोडवेज से लीं 18 बसें
दादरी व बाढड़ा में निकाला शांति मार्च
जिला प्रशासन ने बुधवार को दादरी और बाढड़ा में शांति मार्च निकाला। इसमें जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने भाग लिया। सबसे पहले करीब साढ़े 11 बजे दादरी शहर में शांत मार्च निकाला गया और इसके बाद प्रशासनिक अमला बाढड़ा की तरफ रवाना हो गया। पुलिस अधीक्षक ने ट्रैफिक पुलिस में भी कर्मचारियों की संख्या चार गुना बढ़ाकर 90 कर दी है। ट्रैफिक पुलिस भिवानी-महेंद्रगढ़ मुख्यमार्ग पर आदमपुर से कितलाना तक का क्षेत्र कवर करेगी ताकि यहां बाइक सवारों को कोई दिक्कत न हो।
वर्जन::
केवल वीरवार को ही जिले में धारा-144 लागू रहेगी और शराब ठेके बंद रहेंगे। प्रशासन ने दादरी व बाढड़ा में शांति मार्च भी निकाला है। आमजन से अनुरोध है कि कानून व्यवस्था बनाए रखें ताकि अन्य लोगों को परेशानियां न हो। जिला प्रशासन पूर्णतया अलर्ट है। - विजय कुमार सिद्प्पा, जिला उपायुक्त
वर्जन::
वीरवार सुबह छह बजे तक सभी जवान नाकों पर पहुंच जाएंगे। 20 पैंथर टीमें पेट्रोलिंग करेंगी और ट्रैफिक पुलिस का दायरा भी बढ़ाया गया है। किसी भी सूरत में उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की सोशल साइट पर लगातार नजर है और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - हिमांशु गर्ग, पुलिस अधीक्षक
पांच हजार कार्यकर्ता बाइकों में जाएंगे जींद
चरखी दादरी। जींद रैली को लेकर भाजपा के स्थानीय नेताओं ने भी बाइकों के जत्थों के साथ रवाना होने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले की दादरी विधानसभा व बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र से करीब 2500 बाइकों पर पांच हजार कार्यकर्ता जींद के लिए रवाना होंगे। इसके लिए जिले में चार प्वाइंट भी बनाए गए हैं, जहां कार्यकर्ता एकत्र होंगे। दादरी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की अगुवाई जिला अध्यक्ष रामकिशन शर्मा और वरिष्ठ नेता सोमबीर सांगवान तो बाढड़ा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का नेतृत्व विधायक सुखविंद्र मांढ़ी करेंगे। रैली में जाने वाले कार्यकर्ताओं के साथ एक-एक एंबुलेंस भी चलेंगी। इसके अलावा एक गाड़ी यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सतीश महराणा ने दी।
भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रामकिशन शर्मा ने रैली कूच की तैयारियों को लेकर बताया कि सुबह करीब सात बजे दादरी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता भिवानी रोड स्थित उत्सव वाटिका के समीप एकत्र होंगे और इसके बाद करीब आठ बजे एकसाथ जींद के लिए रवाना हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि रूट मैप तैयार कर कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी पहले ही दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता बेहद अनुशासनात्मक ढंग से चलेंगे और इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिले में चार प्वाइंट पर कार्यकर्ता जुटेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता ठीक आठ बजे उत्सव वाटिका, बरसाना मोड़, बाढड़ा व बौंदकलां से बाइकों के जत्थे में निकल लेंगे। उन्होंने बताया कि 50-50 के जत्थों पर एक वरिष्ठ कार्यकर्ता की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, विधायक सुखविंद्र मांढ़ी का कहना है कि यह रैली विधानसभा चुनावों के नतीजे अभी से घोषित कर देगी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में जन सैलाब उमड़ेगा। सुखविंद्र मांढ़ी का कहना है कि रैली की लोकप्रियता को देखते विरोधी कांग्रेस व इनेलो दल के नेता बौखला गए हैं और इसलिए बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं।