जींद रैली की लोकप्रियता से बौखलाए विपक्षी : सुखविंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा।
भाजपा विधायक सुखविंद्र मांढी ने 15 फरवरी की जींद रैली को लेकर भाजपा मंडल के पदाधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। कस्बे में पंचायत समिति चेयरमैन भल्लेराम बाढड़ा के आवास पर आयोजित बैठक में भाजपा विधायक ने कहा कि मौजूदा सरकार ने पहली बार पारदर्शी व बिना भेदभाव विकास की गंगा बहाने का काम किया है। प्रदेश में समय समय पर सत्तासीन रहे राजनैतिक दलों ने विकास परियोजनाओं को केवल कुछ जिलों तक सीमित कर दिया था लेकिन सीएम मनोहर लाल ने कार्यकर्ता व जनता की भावना के अनुरूप परियोजनाओं के लिए दिल खोल कर पैसा आवंटित किया है। चरखी दादरी जिला और बाढड़ा उपमंडल विकास के मामले में इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि जींद में होने वाली रैली से प्रदेश में अगले विस चुनाव का बिगुल बज जाएगा। इस रैली को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देख कर इनेलो व कांग्रेस दल के नेता बौखला गए हैं। वे विरोध के नाम पर ओछे हथकंडे अपना रहे हैं। रैली के लिए भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कर्मबीर नांधा, चेयरमैन भल्लेराम बाढड़ा, मंडल अध्यक्ष रामकिशन शर्मा, झोझू मंडल अध्यक्ष हरी सिंह शर्मा, चेयरमैन राजेंद्र बजाड़ ने कहा कि वे अपने क्षेत्र से युवाओं को जींद के लिए रवाना करेंगे। इस मौके पर जिला पार्षद अनिल बाढड़ा, मंडल अध्यक्ष रामनाथ शर्मा, चेयरमैन भल्लेराम बाढड़ा मौजूद थे।