झज्जर। नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में बुधवार सुबह आठ बजे से लेकर वीरवार शाम आठ बजे तक कुल 182 मरीज उपचार कराने के लिए पहुंचे। इसमें मारपीट के 31 मामले आए जिसमें से छह रोहतक पीजीआई रेफर किए गए। सड़क हादसों के आए तीन मरीजों को भी रोहतक पीजीआई रेफर किया गया।
आंखों व एलर्जी को लेकर को कोई मरीज नहीं पहुंचा। वहीं कुत्तों के काटने के 10 मरीज व बंदरों के काटने का एक मरीज इलाज के लिए पहुंचा। होली व दुल्हेंडी पर कई जगहों पर लड़ाई, झगडे व अलग-अलग तरह के मामले हुए जिनके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा।
नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में कुल 205 मरीज आपातकालीन विभाग में पहुंचे जिनमें दो मरीज मृत अवस्था में लाए गए और 23 मामलों में मारपीट से संबंधित एमएलसी दर्ज किए गए। सामान्य दिनों में यहां औसतन 110-120 मरीज प्रतिदिन आपातकालीन विभाग में आते हैं।
सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान ने बताया कि होली के अवसर पर नागरिक अस्पताल झज्जर व नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ सहित जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष रूप से आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था रखी गई थी और चिकित्सा स्टाफ को अलर्ट मोड पर तैनात किया गया था।