अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। कृषि एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के बैंक खातों में छह हजार रुपये सालाना भेजने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू की तो उसी तर्ज पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल से भी हरियाणा में छह हजार रुपये अतिरिक्त देने की योजना को मंजूरी दिलाई गई। उन्होंने रविवार को यह बात गांव मांडोठी की चौपाल में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर बहादुरगढ़ के विधायक नरेश कौशिक भी साथ रहे। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत केंद्र सरकार से हरियाणा के किसानों को 240 करोड़ रुपये मिलेंगे। इससे किसानों को वार्षिक छह हजार रुपये मिलेंगे और इस योजना की पहली किश्त के तौर पर दो हजार रुपये बैंक खातों में भी आ चुकी है। हरियाणा में इसी तर्ज पर छह हजार रुपये की एक अन्य योजना तैयार की गई है। इस योजना में किसानों के साथ-साथ छोटा दुकानदार, नाई, मोची व अन्य कोई काम करने वाला जिसकी आय 15 हजार रुपये से कम हो योजना का पात्र होगा। मंत्री ने जब किसानों से पूछा कि छह के कर दिए बारह तो चौपाल में मौजूद ग्रामीणों ने भी हाथ उठाकर समर्थन देते हुए कहा कि किसानों की होगी पौ बारह।पंचायत मंत्री के समक्ष मांडोठी के ग्रामीणों ने तालाब वाले मंदिर के पुर्न विकास की मांग रखी तो मंत्री ने ग्रामीणों की मांग को पूरा करने का भरोसा दिया और कहा कि विधायक नरेश कौशिक इस मांग का प्रस्ताव रखेंगे बतौर विकास एवं पंचायत मंत्री वे इसकी मंजूरी देंगे। उन्होंने कहा कि गांव सिलाना के गुरू गोरखनाथ मंदिर की तर्ज पर इसको विकसित किया जाएगा। ग्रामीणों ने कृषि मंत्री धनखड़ एवं विधायक कौशिक का पगड़ी बांध कर व फूलमालाओं से स्वागत किया।
विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा ही नहीं समस्त देश में विकास का नया दौर शुरू हुआ है। ईमानदार व पारदर्शी कार्यशैली से आमजन का केंद्र व राज्य सरकार के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने मांडोठी के ग्रामीणों की ओर से रखी गई मांगों को भी शीघ्रता से पूरा कराने का भरोसा दिया। इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन परमजीत सौलधा, ब्लाक समिति चेयरपर्सन प्रतिनिधि युद्धवीर भारद्वाज, भूप सिंह दलाल, दिनेश शेखावत, बिजेंद्र मांडोठी, कृष्ण चंद, नरेश गौड सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।