अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। राहगीरी: अपनी राहें, अपनी आजादी कार्यक्रम के तहत रविवार की सुबह झज्जर के लोगों के लिए बहुत खास रही। हर वर्ग की भागीदारी ने जहां तनावमुक्त माहौल में सुबह का स्वागत किया वहीं पौधगिरी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए जीवन में आगे बढ़ने का लोगों ने प्रण लिया। उपायुक्त संजय जून व एसएसपी अशोक कुमार के मार्गदर्शन में शहर के जहांआरा बाग स्टेडियम के सामने सड़क पर राहगीरी का मंच सजा और सड़क पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही युवाओं ने खेल गतिविधियों में भाग लिया। राहगीरी के अवसर पर एसडीएम झज्जर शिखा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुई जबकि कार्यक्रम में पुलिस विभाग की ओर से नोडल अधिकारी डीएसपी भारती डबास की अध्यक्षता रही। पौधगिरी थीम के साथ रविवार की राहगीरी ने हर आमजन को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। एसडीएम शिखा ने जनसमूह को दिए संदेश में कहा कि राहगीरी का उद्देश्य लोगों को तनावमुक्त माहौल के साथ ही जीवन में सार्थकता बनाए रखते हुए नई उमंग व उत्साह के साथ आगे बढ़ना है। जिला प्रशासन व पुलिस विभाग की संयुक्त भागीदारी के साथ आयोजित राहगीरी कार्यक्रम में जहां बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश जनमानस तक पहुंचाया जा रहा है वहीं महिला सशक्तीकरण के साथ ही पौधगिरी जैसे थीम हमारी युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा की ओर ले जाने में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि उपायुक्त व एसएसपी के मार्गदर्शन में झज्जर जिला केंद्र व प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को जहां बेहतर ढंग से पूरा कर रहा है वहीं इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रमों में भी झज्जर जिला की सक्रियता बखूबी है। इस मौके पर नगराधीश अश्विनी कुमार, डीएसपी अशोक कुमार, डीएसपी रणबीर सिंह, डीएसपी नरेश कुमार, एआईपीआरओ दिनेश कुमार, एआईपीआरओ बेरी बिजेंद्र कुमार, सीडीपीओ पूनम जैन, बीर सिंह, चमनलाल, सभी थाना प्रबंधक व चौकी प्रभारी, खेल विभाग से कोच सिंधूबाला सहित अन्य शहरवासी मौजूद रहे।
आपसी सौहार्द को मिलता है बढ़ावा : डबास
पुलिस विभाग की ओर से नोडल अधिकारी एवं डीएसपी भारती डबास ने कहा कि पुलिस प्रशासन के सांझे प्रयास से चलाए गए राहगीरी कार्यक्रम की सार्थकता समाज को नई दिशा देना है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया जा रहा है कि किस प्रकार हम सड़क पर चलते हुए यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि राहगीरी कार्यक्रम आपसी सौहार्द के साथ अपना संदेश जनमानस तक पहुंचाने का एक अहम कदम है, जिसके परिणाम हमारे सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दुर्गा शक्ति की टीम द्वारा राहगीरी में मौजूद महिलाओं व बेटियों को दुर्गा शक्ति एप के बारे में भी जानकारी देते हुए नारी शक्ति के प्रति जागरूक किया गया है। राहगीरी में गंगा इंस्टीट्यूट इस्ट्रीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कबलाना के विद्यार्थियों ने सामाजिक संदेश देती लघु नाटिका की प्रस्तुति दी। वहीं जिमनास्ट प्रीति ने देशभक्ति गीत से सभी को सराबोर कर दिया। हास्य कवि मा.महेंद्र ने अपनी हास्य रचनाओं से उपस्थित जनसमूह को खूब गुदगुदाया और मनोरंजन किया। क्रिकेट, हॉकी, एरोबिक्स बैडमिंटन, कैरम बोर्ड, निशानेबाजी व योग गतिविधियों में युवाओं ने भाग लिया और मुख्यातिथि द्वारा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। हिम्मत भारद्वाज ने किस प्रकार युवा शक्ति अपनी मेमोरी को शार्प रखे, इस बारे अपना मोटिवेशनल संदेश दिया। स्वास्थ्य जांच शिविर का भी राहगीरी में आयोजन हुआ, जिसमें एडवांटा अस्पताल की टीम ने निशुल्क लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से महिलाओं को विभाग की गतिविधियों से जागरूक किया।