अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। ग्रामीण चौकीदारों की जिला स्तरीय बैठक का आयोजन शुक्रवार को रोज गार्डन के समीप किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान राम अवतार ने की जबकि बतौर मुख्य वक्ता राज्य प्रधान संजीत सिंह ने शिरकत की। बैठक में कई अहम विषयों पर विचार किया गया। इस दौरान मुख्य तौर पर राज्य सरकार द्वारा उनकी मांगों के बारे में की गई घोषणाओं को लागू न किए जाने पर रोष जताया गया।
राज्य प्रधान संजीत सिंह ने बताया कि गत दो अप्रैल को सरकार द्वारा आयोजित समारोह में स्वयं मुख्यमंत्री ने ग्रामीण चौकीदारों के मानदेय को सात हजार मासिक करने, लाठी, बैटरी, छतरी व साइकिल देने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक यह अधूरी है। साथ ही कई बार अन्य मांगों जिनमें कि चौकीदार के निधन के उपरांत उसके लड़के को नियुक्ति देना, उनका हरियाणा रोडवेज में किराया माफ करना, उनका मानदेय हर माह की पांच तारीख को पहले की भांति ही मिल जाना, उन्हें चतुर्थ श्रेणी कर्मी का दर्जा देने सहित पिछले कई माह के बकाया मानदेय भुगतान का जल्द से जल्द करना आदि शामिल है।
सरकार व विभाग केवल आश्वासन देकर काम चला रहे है। अगर सरकार उनकी मांगों को 9 सितंबर तक पूरा नहीं करती है तो फिर चौकीदार पंचकूला कूच करेंगे। जिला दादरी व भिवानी के ग्रामीण चौकीदार नौ सितंबर की रात को भिवानी रेलवे स्टेशन पर एकत्र होंगे। इसके बाद 10 सितंबर को पंचकूला कूच कर जाएंगे और वहां विधानसभा के घेराव के लिए मजबूर होंगे। इस अवसर पर उपप्रधान वेदप्रकाश, सचिव चमनलाल, झोझू ब्लॉक प्रधान बलजीत, उपप्रधान प्रदीप, सचिव नरेश कुमार, निहाल सिंह, कृष्ण साहुवास, सतीश, नसीब सिह संतोखपुरा, राजकुमार गोठडा, टेकराम बिरहीं कलां, खुशीराम इमलोटा, महेंद्र सिंह, सतीश सहित अन्य ग्रामीण चौकीदार उपस्थित थे।