अतिक्रमण और गंदे पानी की निकासी न होने से ग्रामीण परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। गांव इस्लामगढ़ ढाणी में गलियों में किए गए अतिक्रमण व गंदे पानी की निकासी न होने से ग्रामीण परेशान हैं। समस्या को लेकर ग्रामीण उदयराम व जगदीश द्वारा सीएम विंडो पर भी दो बार शिकायत की जा चुकी है।
उदयराम यादव व जगदीश का आरोप है कि शिकायत किए जाने के बावजूद गलियों में अवैध रूप से बनाए गए रै प नहीं तोड़े जा रहे हैं और गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था को भी दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांव के सरपंच व कुछ प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत के चलते गलियों में अतिक्रमण बढ़ रहा है और पानी की निकासी की दिशा भी पंचायत द्वारा बदली जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब से गांव बसा है गांव के गंदे पानी की निकासी उत्तर के दक्षिण की ओर रही है और पूरे गांव का पानी जोहड में जाता है। लेकिन अब अतिक्रमण होने के कारण गंदे पानी को उल्टा दक्षिण से उत्तर की ओर कर दिया गया है। जिसके कारण गंदा पानी गांव की गलियों में खड़ा हो गया है और स्कूल के पास रास्ता रुक गया है। ग्रामीण इंदरजीत, संतरा, राममेहर, सुशीला देवी, सूरजभान आदि ने भी उपायुक्त व अन्य अधिकारियों को गांव से अतिक्रमण हटाए जाने व पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग की है।