अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
जिले की मंडियों में 72470 क्विंटल गेहूं की आवक हुई, जिसमें से खरीद एजेंसियों के द्वारा बुुधवार को 45020 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। नमी बताकर खरीद एजेंसियों के द्वारा करीब 27 हजार क्विंटल की खरीद नहीं की गई। वहीं, आढ़तियों के द्वारा नमी वाले गेहूं में से प्रति क्विंटल कटौती कर गेहूं की खरीद कर ली जा रही है, जिससे किसानों को नुकसान तो रहा है लेकिन किसान अपने मंडी में दो दिन तक रुकने का झंझट देखते हुए इस कटौती को स्वीकार कर रहे हैं। आढ़तियों के द्वारा किसानों के गेहूं में प्रति क्विंटल एक से दो किलो तक की कटौती कर रहे हैं।
मंडियों में आवक और खरीद
मंडी आवक खरीद
आसौदा 0 0
बहादुरगढ़ 986 310
बेरी 100 0
छारा 70 0
ढाकला 350 0
झज्जर 3700 2412
माजरा डी 205 0
मातनहेल 1836 1780
कुल 7247 4502
नोट: सभी आंकड़े मीट्रिक टन में हैं।
पांच मंडियों में नहीं हुई खरीद
खरीद एजेंसियों के द्वारा जिले के पांच मंडियों में कोई खरीद नहीं की गई। फूड सप्लाई विभाग के जिम्मे आसौदा, बहादुरगढ़, बेरी व छारा में गेहूं खरीद है। जिनमें से केवल बहादुरगढ़ में बुधवार को गेहूं की खरीद की गई। वहीं, झज्जर में हरियाणा वेयर हाउस और हैफेड के द्वारा खरीद की गई। वहीं, मातनहेल में एफसीआई के द्वारा खरीद की गई।
वर्जन
आवक के हिसाब से गेहूं की खरीद की जा रही है। झज्जर और बहादुरगढ़ की मंडियों से 546 मीट्रिक टन गेहूं का उठान किया जा चुका है। उनकी कोशिश है कि साथ-साथ उठान का कार्य सही तरीके से चलता रहे, ताकि गेहूं खरीद में किसी प्रकार की दिक्कत न आए।
-अशोक शर्मा, डीएफएससी, झज्जर।