शहीद ब्रिगेडियर स्टेडियम में हुए एक लाख के इनामी दंगल में दूसरे प्रदेशों की महिला पहलवानों ने भी दिखाई जोर आजमाइश
दूसरे स्थान पर पिंकी और सत्यवान अखाड़ा रोहतक की निशा तीसरे स्थान पर रही
अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
रेलवे रोड स्थित शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में रविवार को हुए पहले महिला भारत केसरी दंगल गांव मांडोठी की बहु रितु दलाल ने जीत लिया। फाइनल मुकाबले में बुल्लड़ अखाड़े की पिंकी को हराकर रितु ने यह खिताब जीता। खिताब जीतने पर आयोजकों ने रितु को एक लाख 16 हजार रुपये की राशि से पुरस्कृत किया।
रेलवे रोड स्थित स्टेडियम में रविवार को महिला भारत केसरी दंगल का आयोजन हुआ। बहादुरगढ़ के इतिहास में पहली बार हुए इस दंगल में हरियाणा, यूपी और दिल्ली आदि की महिला पहलवानों ने भाग लिया। दंगल में भारत केसरी खिताब के लिए पहला सेमीफाइनल मांडोठी की रितु और एसएसबी की रीना के बीच हुआ। रितु ने यह मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में पिंकी ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। खिताब के लिए इलाके की ही दोनों पहलवान आमने-सामने मैदान में उतरी। एक तरफ मांडोठी की बहू रितु दलाल थी, तो दूसरी तरफ बुल्लड़ अखाड़ा बहादुरगढ़ की पिंकी। पहले राउंड में 1 अंक लेकर पिंकी ने बढ़त बनाई। दूसरे राउंड की शुरुआत में ही रितु 2 अंक लेकर आगे हो गई। पलटवार करते हुए पिंकी ने फिर 2 प्वाइंट लिए। इससे मुकाबला 3-2 पर आ गया। अंतिम क्षणों में रितु ने 2 अंक लेकर 4-3 से बढ़त बनाई और खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथि डॉ. नीना राठी, सतपाल राठी, बुल्लड़ पहलवान और असलम खान एवं आयोजकों ने रितु को एक लाख 16 हजार रुपये की राशि व गदा भेंट कर सम्मानित किया। दूसरे स्थान पर पिंकी और सत्यवान अखाड़ा रोहतक की निशा तीसरे स्थान पर रही।
महिला कुमारी शीतल तो रीना बनीं बाल केसरी
जाखोदा की शीतल ने एसएसबी की अनीता को हराकर भारत कुमारी का खिताब अपने नाम किया। बाल केसरी के लिए रोहतक की रीना और जाखोदा की इंदू के बीच कांटेदार मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में रीना विजयी रही। वहीं 50 केजी के बाल कुमारी खिताब को हिसार की पायल ने जीत लिया। राठधणा की आरती उपविजेता रही। क्षेत्र में पहली बार हुए बड़े स्तर की महिला कुश्तियों का कुश्ती प्रेमियों ने खूब लुत्फ उठाया। सुबह से लेकर रात 9 बजे तक लोग महिला पहलवानों के उत्साहवर्धन के लिए मैदान में डटे रहे।
---फोटो 12 : जीत के लिए दाव लगाती रितु दलाल (ओरेंज कास्ट्यूम)-