नीट व आईआईटी परीक्षा के लिए निशुल्क कोचिंग ले सकेंगे विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
हरियाणा सरकार की ओर से गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को नीट व आईआईटी की परीक्षा के लिए निशुल्क कोचिंग देने की योजना शुरू की गई है। राज्य कल्याण विभाग और विकल्प संस्था के सहयोग से शुरू की गई इस योजना के लिए दादरी जिले से भी विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। ये जानकारी उपायुक्त विजय कुमार सिद्प्पा ने दी। उन्होंने बताया कि दादरी के विद्यार्थियों का चयन के लिए नौ जुलाई को सुबह 10 बजे से एक बजे तक स्थानीय घिकाड़ा रोड स्थित केएन स्कूल में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस दौरान सबसे पहले छात्र-छात्राओं का पंजीकरण होगा। उसके बाद परीक्षा शुरू होगी। पंजीकरण के लिए विद्यार्थी या उनके अभिभावक विकल्प संस्था के समन्वयक प्रदीप सनसनवाल से 7738220764 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में मेडिकल और नॉन मेडिकल संकाय से 11वीं व 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। सरकार की तरफ से कोचिंग में रेवाड़ी की विकल्प संस्था भी सहयोगी रहेगी, जो सामान्य जाति के बच्चों की कोचिंग का खर्च वहन करेगी। सामान्य जाति के 30 बच्चों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा अनुसूचित जाति, ओबीसी व घुमंतू जाति के बच्चों की कोचिंग का खर्च सरकार करेगी। उन्होंने बताया कि कोचिंग चयन के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक हासिल करने वाले बच्चे बैठने के लिए पात्र हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा में सभी जातियों के विद्यार्थी बैठ सकेंगे। इसके अलावा बच्चे के परिवार की आय सालाना ढ़ाई लाख रुपए से अधिक न हो। उपायुक्त ने बताया कि 12वीं कक्षा में पढ़ रहे या 12 वीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुके बच्चों के लिए कोचिंग अवधि एक वर्ष की तथा 11 वीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थियों की कोचिंग अवधि दो साल के लिए है। उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण बच्चे अपने मनपसंद के कोचिंग सेंटर में कोचिंग ले सकेंगे। कोचिंग के दौरान बच्चों को सरकार की तरफ से नि:शुल्क हॉस्टल की सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि बच्चों का चयन मेरिट के आधार पर होगा। 11वीं व 12वीं कक्षा में पढ़ रहे बच्चों की प्रवेश परीक्षा दो घंटे की तथा 12वीं कक्षा पास कर चुके विद्यार्थियों की तीन घंटे की प्रवेश परीक्षा होगी। परीक्षा में मुख्य रूप से गणित और आईआईटी व नीट से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।