झज्जर। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में शनिवार को 18 नए संक्रमित केस मिले हैं। वहीं, दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि रिकवरी रेट 98 प्रतिशत हो गया है। 33 लोग स्वस्थ्य हुए हैं। कोरोना से मृतकों की संख्या का आंकड़ा बढ़कर 300 पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिले में सैंपलिंग व वैक्सीनेशन प्रक्रिया पर पूरा फोकस किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोरोना महामारी के दौर में अभी तक कुल 18 हजार 765 मरीज कोरोना संक्रमित हुए थे, जिनमें से 18 हजार 388 मरीज स्वास्थ्य सेवाएं लेते हुए अब पूर्ण रूप से स्वस्थ हो चुके हैं। 55 मरीज फिलहाल होम आइसोलेट हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से उनकी निरंतर निगरानी की जा रही है। कुल कोरोना एक्टिव केस अब जिले में 77 ही रह गए हैं।
2 लाख 29 हजार 626 डोज ली जिला वासियों ने
डीसी श्याम लाल पूनिया ने बताया कि शनिवार शाम तक एक लाख 88 हजार 425 ने प्रथम डोज तथा 41 हजार 201 नागरिकों ने कोरोना टीकाकरण की दूसरी डोज ले ली है। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से 44 वर्ष की आयु तक के जिन युवाओं ने कोरोना टीकाकरण के किए पंजीकरण करवाया हुआ है उनको भी कोरोना वैक्सीनेशन में भागीदार बनाया जा रहा है। शनिवार की शाम तक 43 हजार 320 युवाओं ने कोरोना से बचाव की प्रथम डोज ली है। वहीं इस आयु वर्ग में अब तक 243 लोगों ने कोरोना से बचाव की दूसरी डोज भी ले ली है।
आमजन को किया जा रहा है जागरूक : डॉ. मलिक
कोरोना वैक्सीनेशन के नोडल अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. संजीव मलिक ने कहा कि सरकार की ओर से निर्धारित आयु वर्ग के नागरिक टीकाकरण को लेकर काफी जागरूक हैं। स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष कैंप लगाकर वैक्सीनेशन व सैंपलिंग की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा संकल्प के साथ पूरे जिले के 18 वर्ष की आयु से अधिक हर व्यक्ति को वैक्सीनेट करते हुए कोरोना संक्रमण चक्र पर अंकुश लगाने के ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से होम आइसोलेट मरीज को मेडिकल किट वितरित की गई है, जिनमें आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण, दवाईयां एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की दवा व काढ़ा शामिल हैं।