झज्जर। कोरोना महामारी से बचाव के लिए प्रशासन पूरी तरह से सजग एवं सतर्क है। कोरोना संक्रमण के घटते ग्राफ को लेकर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। कोरोना पर नियंत्रण कर लिया गया है, लेकिन अभी भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। उक्त बातें डीसी श्यामलाल पूनिया ने अपने जारी बयान में कहीं हैं। उन्होंने कहा कि सावधानी पूर्वक एवं सजगता के साथ ही कोरोना से दूरी बनानी है। लोग किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। गाइडलाइन का पालन करें।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण चक्र को तोड़ने के लिए जमीनी स्तर पर प्रशासन की ओर से कार्यक्रम तैयार किया गया है और आमजन की सहभागिता ही कोरोना से दूरी बनाए रखने में सहायक है। विभिन्न प्रचार माध्यमों से भी जिलावासियों को जागरूक किया जा रहा है। सतर्कता ही इस महामारी का इलाज है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति मास्क का प्रयोग अवश्य करें। हाथों को बार-बार साबुन से धोएं व सैनिटाइजर का प्रयोग करें। साथ ही एक दूसरे से उचित सामाजिक दूरी का पालन करते हुए जरूरी कार्य होने पर ही घरों से बाहर जाया जाएं। डीसी ने कहा कि जिले में महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा के तहत जनसुविधा के लिए भले ही आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी व आर्थिक व्यवस्था संचालन के लिए छूट दी गई है, किंतु हमें इस छूट में पूरे नियमों का पालन करना होगा। जिले के चारों उपमंडल में कोरोना से बचाव के लिए आमजन को वैक्सीनेशन रूपी सुरक्षा कवच प्रदान किया जा रहा है। आमजन को अधिक से अधिक वैक्सीनेशन करवाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।