फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश की झड़ी में धड़ाधड़ आए बिजली फॉल्ट, आम जन-जीवन रहा प्रभावित

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

चरखी दादरी। जिले में वीरवार को दिनभर बारिश की झड़ी लगी रही। बारिश की झड़ी में बिजली लाइनों में फॉल्ट आने से दुकानदारों व आम लोगों को खासी परेशानी हुई। दिनभर में करीब तीन एमएम बाशि रिकॉर्ड की गई और इसके चलते अधिकतम व न्यूनतम तापमान एक-एक डिग्री गिरा है। बारिश को गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस मौसम में वायरल फैलने का अंदेशा रहता है इसलिए बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है।
वीरवार सुबह हल्की बौछारें गिरनी शुरू हो गई। दिनभर रुक रुककर बूंदाबांदी होती रही और इसके चलते मौसम में ठंड बढ़ गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 13 डिग्री दर्ज किया गया था जबकि वीरवार को अधिकतम 23 व न्यूनतम 12 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के समय 10 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं भी चली। बारिश की झड़ी से आम जनजीवन भी प्रभावित रहा। लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। मौसम में बदलाव की वजह से इसका स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। दिन में अधिक तापमान व रात के समय ठंड होने से जुकाम, खांसी व अन्य बीमारियां बढ़ने का अंदेशा बना हुआ है।
विज्ञापन


बारिश के चलते दस जगह पर आया फॉल्ट, आधे से दो घंटे तक गुल रही बिजली
दिनभर रुक रुककर हुई बारिश से बिजली की लाइनों में फॉल्ट आने से शहर के विभिन्न भागों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर के बस स्टैंड एरिया, घिकाड़ा रोड क्षेत्र, मेन बाजार, दिल्ली रोड, लाजपतराय चौक, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र, रेलवे रोड, पुराना सिविल अस्पताल रोड सहित विभिन्न भागों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बार- बार फॉल्ट बने रहे जिससे शहर में कुशल श्रमिकों, दुकानदारों व व्यापारियों का कामकाज प्रभावित हुआ। खासकर इलेक्ट्रॉनिक्स, ज्वेलर्स, टेलर, बढ़ई, लघु उद्योगों मालिकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। हालांकि बिजली निगम कर्मचारी फॉल्ट ठीक करने में लगे रहे लेकिन कई जगह स्पार्किंग से लाइनों में ज्यादा फॉल्ट आने से परेशानी बनी रही।

सरसों की फसल में नुकसान की आशंका
रबी की नकदी जाने वाली सरसों की फसल में बारिश से नुकसान के अलावा कोई फायदा भी नहीं होने वाला है क्योंकि यह फसल अब पूरी तरह से पककर तैयार है। कई जगह तो किसानों ने अगेती सरसों की फसल की कटाई भी शुरू कर दी है और काफी किसान कटाई शुरू करने की तैयारी में हैं। बारिश से कटाई का काम भी बाधित होता है। गेहूं की फसल में बारिश का सिंचाई के रूप में फायदा माना जा रहा है। गेहूं में इस समय फल यानी बाली आनी शुरू हो गई है। अगेती फसल में तो गेहूं का दाना बनने लगा है। ऐसे में इस बारिश से गेहूं की फसल में पकाव बढ़िया होने की उम्मीद है। जिले में गेहूं का रकबा 54 हजार 100 हेक्टेयर क्षेत्र व सरसों की बिजाई 53 हजार 900 हेक्टेयर क्षेत्र में कर रखी है।

बूंदाबांदी से गेहूं व चना को फायदा
इस संबंध में कृषि विकास अधिकारी रमेश रोहिला का कहना है कि अगर हवा के साथ तेज बारिश होती है तो गेहूं की फसल के खेतों में बिछ जाने का अंदेशा बढ़ जाता है। बूंदाबांदी से तो गेहूं की फसल में फायदा ही है। चना की फसल में इस बारिश से काफी फायदा हो सकता है।

गर्म कपड़े पहनने से गुरेज न करें बुजुर्ग औ बच्चें : सीएमओ
सीएमओ विरेंद्र यादव ने बताया कि बदलते मौसम में वायरल फैलने का अंदेशा रहता है। इसलिए गर्म वस्त्रों का एकदम से त्याग न करें। इस मौसम में श्वास व हृदय रोगियों का विशेष ख्याल रखना चाहिए। बुजुर्गों और बच्चों के भी मौसम की चपेट में आने की ज्यादा संभावना रहती हैं। बुजुर्ग और बच्चों को सुबह-शाम गर्म कपड़े आवश्यक पहनाएं।

दिनभर बिजली कट लगने से कामकाज रहा ठप
बिजली में खराबी की वजह से दिनभर दुकान का कामकाज ठप रहा। मोबाइल चार्जिंग व अन्य काम बिजली पर ही निर्भर करते हैं। दिनभर बिजली चरमराई रही। दुकान पर खाली बैठकर समय बिताना पड़ा। - विक्रम दलाल, स्टूडियो संचालक

=दिनभर बिजली ने परेशान रखा। बार-बार फॉल्ट आने पर मोबाइल की दुकान पर काम नहीं हो सका। बिजली आपूर्ति चरमरा जाने से उसे दिन भर में करीब एक हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। - मंजीत फौगाट, दुकानदार

-दिनभर बिजली गायब रहने से दुकान पर कामकाज ठप रहा। बारिश की झड़ी में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उसे दिनभर में करीब सात सौ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। बिजली आपूर्ति नियमित रहनी चाहिए। - साहिल, दुकानदार
विज्ञापन


=बिना लाइट के दुकान पर कोई काम नहीं हो सका। दुकानदार खाली बैठना पड़ा। बिजली फॉल्ट आने से आपूर्ति ठप रही। उसे करीब आठ सौ रुपये का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। - आदित्य, मोबाइल दुकानदार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें