अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
निशानेबाजी में देश को मनु भाकर के रुप में नई गोल्डन गर्ल मिल गई है। गोरिया गांव की मनु भाकर अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में इस महीने पांच गोल्ड मेडल जीत चुकी है। मंगलवार को सुबह हुए मिश्रित वर्ग के 10 मीटर एयर पिस्टल मुकाबले में उन्होंने स्वर्ण पदक जीत कर अपने गोल्डन अभियान को जारी रखा है। इसके चलते उनके गांव गोरिया में खुशी का माहौल है। उनके पिता रामकिशन का कहना है कि उन्हें इस समय जो खुशी मनु ने दी है, उसे वे शब्दों में बयान नहीं कर सकते। रामकिशन भाकर के अनुसार उन्हें अब वो दिन याद आता है, जब उन्होंने मनु से सवाल किया था कि बेटा दो साल तो निशानेबाजी करोगी ना। उस दिन तो मनु खामोश रही थी लेकिन उस सवाल का जवाब अब मनु ने प्रदर्शन से दे दिया है।
प्रशासन करेगा सम्मानित
जिला प्रशासन की ओर से भी मनु भाकर को सम्मानित करने का फैसला कर लिया गया है। वहीं, मनु भाकर को जिला प्रशासन की ओर से रोल मॉडल बनाया जा रहा है। ताकि बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ के नारे को सार्थक कर सकें। अप्रैल माह में जब मनु भाकर स्वदेश लौटेगी तो डीसी के द्वारा उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
स्कूल में अन्य छात्राओं को भी मिलेगी प्रेरणा
मनु भाकर की कक्षा में पढ़ने वाली व दूसरी छात्राओं को अब मनु भाकर की जीत होने से आत्मबल मिलेगा। मनु कर के यूनिवर्सल स्कूल में इस समय करीब 40 छात्राएं निशानेबाजी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। जिनके सुनहरे भविष्य के लिए मनु भाकर उनकी रोल मॉडल की भूमिका का नजर नहीं आएंगी।