दादरी जिले को शिक्षा का हब बनाएगी भाजपा: सुखविंद्र
चरखी दादरी।
विद्यालयों में देश का भविष्य पलता है। शिक्षण प्रणाली इस प्रकार की होनी चाहिए जिससे कि आने वाले वक्त में स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का संपूर्ण निर्वहन करने में सक्षम बने। विद्यालयों में ऐसे शिक्षण विधि की आवश्यकता है, जिसमें विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति से रूबरू करवाते हुए इसके संरक्षण के लिए अध्ययन करवाया जाएं। इसके लिए पाठ्यक्रमों में नैतिक शिक्षा को अवश्य ही शामिल किया जाना चाहिए। ये विचार बाढड़ा विधायक सुखविंद्र मांढ़ी ने गांव इमलोटा के होली एंजल्स स्कूल में वार्षिक उत्सव के दौरान व्यक्त किए। ये यहां मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का पूरा प्रयास है कि दादरी जिले में शिक्षण पद्धति को अधिक से अधिक बढ़ावा दिया जाए।
उन्होंने कहा कि इसके तहत जिला बनने के बाद तेजी से कदम उठाए गए है। पूरे क्षेत्र में विद्यालयों के स्तरों को अपग्रेड किया गया जिससे कि ग्रामीण आंचल के विद्यार्थियों को उनके निकट ही उच्च शिक्षा के मौके मुहैया हो सके। इसके साथ ही विशेष तौर पर छात्राओं के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई है। इसके साथ ही ग्रामीण आंचल में खेलों को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है, जिनका लाभ गांवों के विद्यार्थियों को होगा। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी प्रदान की। इस अवसर पर सीटीएम मनीष फौगाट, एडिशन डायरेक्टर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड राजेश शर्मा, वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि सुनील धवन कन्हेटी, प्राचार्य निशा कलकल, वाईस प्राचार्य प्रदीप कुमार, राजेश गोदारा, आनंद धवन, जितेंद्र कलकल, पहलवान जयभगवान, आनंद, महेंद्र इमलोटा उपस्थित थे।