अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
नगर परिषद बहादुरगढ़ भी अब पूरी तरह डिजिटल हो गई है। इस कड़ी में नप की चेयरपर्सन शीला राठी ने एक क्लिक कर नप की वेबसाइट को लांच किया।
एमसी बहादुरगढ़ डाट काम के नाम से बनाई गई इस वेबसाइट पर नप की तमाम तरह की सेवाएं अपलोड की गई हैं और उनके लिंक भी डाले गए हैं। आने वाले दिनों में वेबसाइट के माध्यम से ही जरूरी सूचनाएं पार्षदों व अधिकारियों को एसएमएस व ईमेल के माध्यम से भेजी जाएंगी। इसके लिए पार्षदों व अधिकारियों के मोबाइल नंबर पर एसएमएस का प्रावधान और हर पार्षद व अधिकारी की मेल आईडी वेबसाइट पर बनाई जाएगी। इतना ही नहीं भविष्य में जरूरत अनुसार वेबसाइट पर अन्य लिंक व सेवाएं और चालू कर दी जाएंगी। वेबसाइट के चालू होने से अब कोई भी व्यक्ति घर बैठे नगर परिषद की सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकता है।
वेबसाइट को लांच करते हुए नप की चेयरपर्सन शीला राठी ने बताया कि अब जमाना डिजिटल होता जा रहा है। ऐसे में नगर परिषद को भी डिजिटल दुनिया की दौड़ में आगे रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। नप की वेबसाइट भी इसी का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि गत 8 दिसंबर को नगर परिषद बोर्ड की सामान्य बैठक में नई वेबसाइट बनाने का प्रस्ताव पास किया गया था। इसी के चलते अब नई वेबसाइट बनकर तैयार हो गई है। उन्होंने शहर वासियों से आह्वान किया है कि वे वेबसाइट पर जाकर आनलाइन ही नगर परिषद की सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
वेबसाइट डेवलेपर धीरज शर्मा ने नप चेयपर्सन व पार्षदों को वेबसाइट के बारे में पूरी जानकारी दी तथा वेबसाइट से किन-किन सेवाओं का फायदा उठाया जा सकता है व भविष्य में किन-किन सेवाओं को और जोड़ा जा सकता है इसकी पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर ऐसा प्रावधान भी किया जाएगा कि अगर कोई गतिविधि नप की ओर से की जाती है तो नप के फेसबुक पेज, ट्वीटर आदि पर भी यह डिसप्ले हो जाएगा। साथ ही अगर कोई किसी समस्या को लेकर शिकायत करता है तो वह संबंधित पार्षद व अधिकारी के पास भी उसकी मेल और एसएमएस के माध्यम से सूचना पहुंच जाएगी।
नप के वाइस चेयरमैन विनोद कुमार, पार्षद युवराज छिल्लर, सत्यप्रकाश छिक्कारा, पालेराम शर्मा, जसबीर सैनी, राजेश खत्री, राजेश तंवर, जयदेव, एडवोकेट संदीप राठी, शेखर सैनी, अनुभाग अधिकारी राजेश गुप्ता, अशोक, शिव आदि मौजूद थे।