कॉमेडी-शो में आज अक्षय कुमार को गुदगुदाएगा विश्वास
चरखी दादरी।
रंगमंच से जुड़े चंपापुरी कॉलोनी निवासी विश्वास चौहान स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले कॉमेडी शो द ग्रेट लाफ्टर चैलेंज में अपने ठहाकों से सेलिब्रिटी को गुदगुदाएंगे। विश्वास चौहान ने टॉप 42 में अपनी जगह पक्की कर ली है और वह आज रात आठ बजे अपनी प्रस्तुति देंगे। इस शो के सुपर जज की भूमिका बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार निभाएंगे। विश्वास चौहान फिलहाल मुंबई पहुंच चुके हैं और शहरवासियों को उनकी प्रस्तुति का बेसब्री से इंतजार है। विश्वास से पहले वीरवार को चरखी दादरी निवासी अनिता कुमारी ने भी केबीसी(कौन बनेगा करोड़पति) सेट पर 3.20 लाख की धनराशि जीतकर जिले के नाम को राष्ट्र स्तर पर चमकाया है।
पिछले सात सालों से रंगमंच कला मंच से जुड़े चंपापुरी निवासी विश्वास चौहान अब तक राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले कॉमेडी शो द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज ने देशभर से कलाकारों को चयनित किया। लाखों कलाकरो को पछाड़ते हुए विश्वास चौहान ने टॉप 42 प्रतिभागियों में अपनी जगह बना ली। द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज को कॉमेडी किंग माने जाने वाले राजू श्रीवास्तव, सुनील पाल, सुदेश लहरी व कपिल शर्मा आदि कलाकार एक नई पहचान दे चुके हैं। शनिवार को इस शो का प्रसारण रात 8 बजे स्टार प्लस पर किया जाएगा।