अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। जिला पुलिस ने नाइट डोमिनेशन अभियान चलाकर अलग-अलग मामलों के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सट्टा खाइवाली और अवैध शराब बेचने के आरोपी शामिल हैं। पुलिस टीम ने अभियान के दौरान चार आरोपियों से 67 बोतल देसी और अंग्रेजी शराब भी बरामद की है। अभियान के दौरान पुलिस ने 679 वाहनों की जांच की और मोटर अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने पर तीन के चालान काटे।
एसपी स्मिति चौधरी ने बताया कि नाइट डोमिनेशन अभियान के तहत रात दस से सुबह चार बजे तक पुलिस सड़कों पर रही। इस दौरान सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने इलाके में गश्त में मौजूद रहे। विभिन्न स्थानों को चिह्नित कर नाकाबंदी की गई और व्यक्तियों व वाहनों की गहनता से जांच की गई। नाइट डोमिनेशन के दौरान होटल, धर्मशाला, सराये, ढाबों व अन्य ठहरने वाले स्थानों की भी गहनता से जांच की गई। उन्होंने बताया कि अभियान में जिला पुलिस को कई सफलताएं भी मिलीं। डोमिनेशन के दौरान जिला में 22 स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की गहनता से जांच की गई। बाजार व संकरे रास्तों पर पैदल गश्त लगाई गई। डोमिनेशन के दौरान 15 लोगों के पर्चा अजनबी काटे गए। इसके अलावा 195 सार्वजनिक स्थानों की चेकिंग की व अवैध शराब बेचते पांच लोगों को काबू किया। पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि मंदोला निवासी कर्मबीर से 11 बोतल देशी शराब, जावा निवासी बिजेंद्र से 12 बोतल देसी शराब, अचीना निवासी प्रीतम से 22 बोतल अंग्रेजी शराब व 12 बोतल देसी शराब और वाल्मीकि बस्ती निवासी अजय से दस बोतल देशी शराब बरामद हुई।