अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन के तत्वाधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें समाज हित में काम करने वाले 251 महिला और पुरुष सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। समिति अध्यक्ष बलवान साहू ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर कार्य करने वालों की मेहनत की सराहना एक अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने समाज के हासिए पर रहने वाले महत्वपूर्ण घटक के कार्यों को न केवल सराहा अपितु उनको सार्वजनिक मान-सम्मान भी दिया।
डॉ. सुभाष जैन व बलवान साहू ने समारोह के दौरान कहा कि सफाई कर्मचारियों की पांच बेटियों को निशुल्क बारहवीं तक शिक्षा सुविधा दी जाएगी। कार्यक्रम के संयोजक बलवान सिंह ने कहा कि वे हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिलकर सीवर व सफाई करने वाले कर्मचारियों के लिए मास्क, वर्दी, साइकिल, टार्च व स्थायी नियुक्ति देने की अपील करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वयं की सफाई तो सभी करते है परंतु समाज को सुंदर बनाने का काम सफाई कर्मी ही करते हैं। हमने आज उनके कार्यों को सराहा है। कार्यक्रम में पूर्व बैंक अधिकारी धर्मबीर पुनिया, रामप्रताप गुप्ता, सुंदर चौहान, संजय बिडलान, सोनू सिकंदर, सूरत, महाबीर कौशिक, डॉ. राजपाल शर्मा, धीरज जैन, प्रो. गौरी शंकर, प्रो. मुन्ना लाल गुप्ता, सुदेश वर्मा, सेनेटरी इंस्पेक्टर विजय शर्मा, बबबू सिंह सफाई दरोगा, राजेंद्र सफाई दरोगा, तीजो देवी, सूरत सिंह, पूर्व कमांडेंट राजेंद्र जांगड़ा, विजय अहलावत, नवरत्न शर्मा, दिलेर गैरा, विनीत डुडी, शमशेर डुडी आदि उपस्थित थे।कार्यक्रम के अंत में एडवोकेट अनिल साहू ने सभी से दादरी जिले को मॉडल बनाने का संकल्प दिलाया।