अमर उजाला ब्यूरो
झेाझूकलां (चरखी दादरी)।
कलियाणा रोड स्थित विवेकानंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रांगण में सोमवार को हवन कर द्रोणाचार्य अवॉर्डी महाबीर सिंह फौगाट खेल एकेडमी का शुभारंभ किया गया। यहां महाबीर फौगाट सहित अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान गीता, बबीता, विनेश व रीतू प्रशिक्षण देंगी। गुरु द्रोणाचार्य अवॉर्डी महाबीर सिंह फौगाट ने बताया कि इस एकेडमी में कुश्ती, कबड्डी, बास्केटबॉल, तीरंदाजी, बॉक्सिंग आदि खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एकेडमी खोलने का मकसद 2028 और 2031 के ओलपिंक व एशियाड गेम्स के लिए खिलाड़ी तैयार करना है। उन्होंने बताया कि एकेडमी में सात से 14 वर्ष तक के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। क्योंकि इस उम्र में खिलाड़ी को जैसा माहौल मिलेगा, वह वैसा ही ढल जाएगा। पहलवान महाबीर ने बताया कि वे खिलाड़ियों को स्वयं प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने बताया कि आगामी ओलंपिक व अन्य गेम्स में देश को ज्यादा से ज्यादा मेडल दिलाना ही उनका लक्ष्य है। कार्यक्रम में शिरकत कर रही अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान गीता व बबीता फौगाट की मां दयाकौर ने कहा कि लोगों को भी अपनी बेटियों को आगे बढ़ने में मदद करनी चाहिए।
कार्यक्रम में राहुल फौगाट, खाप तेरह सांगवान प्रधान सूरजभान, सुरेंद्र सरपंच कुब्जा नगर, हरियाणा शिक्षा बोर्ड के पूर्व सचिव जगदीश सिहाग, लेखक राजकुमार सांगवान, राष्ट्रीय चिंतक महीपाल आर्य, अभे सिंह, आचार्य देवी सिंह, पूर्व सरपंच राजेश सांगवान झोझू, पूर्व सरपंच बलजीत एडवोकेट, सज्जन सिंह बलाली, जिला पार्षद अजय नंबरदार, महेंद्र सिंह, तालेराम, बबलू, रामपाल, संजीव असावरी, योगेश सांगवान, बैंक प्रबंधक सतपाल धनखड़, उमेद सिंह मान, राजेश फौगाट समसपुर, सूरजमल दलाल, स्कूल निदेशक योगेश लीली, मनीष यादव, ओमप्रकाश, शमशेर सिंह, सतीश यादव आदि मौजूद थे।