अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
यूरोप में हुई इंटरनेशनल किक बाक्सिंग चैंपियनशिप में (गोयला कलां) बहादुरगढ़ की बेटी कुमारी कुसुम ने देश का मान बढ़ाया। देश की ओर से खेलने गई एकमात्र महिला खिलाड़ी कुसुम ने शानदार प्रदर्शन के बूते चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता। कुसुम की जीत से परिजन और प्रशंसक बेहद खुश हैं। आज मंगलवार को देश लौटने पर कुसुम का जोरदार अभिनंदन होगा।
सर्बियन किक बाक्सिंग फेडरेशन की ओर से 16 से 19 मार्च तक सर्बिया में वाको इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। चैंपियनशिप में विश्वभर के खिलाड़ियों ने जोर आजमाइश की। बहादुरगढ़ खंड के गांव गोयला कलां की निवासी कुसुम ने भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई। 18 वर्षीय कुुसुम ने 65 केजी में जबरदस्त प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल में पहला मुकाबला ईटली की खिलाड़ी से हुआ। इस मुकाबले को कुसुम ने जीत लिया। सेमीफाइनल में सर्बिया के साथ मैच हुआ। सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर कुसुम ने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में मेजबान सर्बिया की खिलाड़ी के खिलाफ गोल्ड मेडल से चूक गई और सिल्वर से संतोष करना पड़ा।
हरियाणा की एकमात्र खिलाड़ी
चैंपियनशिप में भारत की (13 पुरुष- 1 महिला) 14 सदस्यीय टीम ने भाग लिया। कुल तीन खिलाड़ियों ने मेडल जीते। इन 3 में 2 मेडल हिमाचल के खिलाड़ियों सिमरनजीत व जोगेंद्र ने तो एक हरियाणा की कुमारी कुसुम ने जीता। कुमारी कुसुम सर्बिया चैंपियनशिप में खेलने वाली हरियाणा की एकमात्र खिलाड़ी रही।
आज अपने वतन लौटेगी कुसुम, कल है 12वीं कक्षा का एक्जाम
कुसुम आज मंगलवार को स्वदेश लौटेगी। इसके बाद वह 12वीं कक्षा की परीक्षा की तैयारी करेगी और बुधवार को जियोग्राफी का एक्जाम देगी। कुसुम की जीत से परिजन बेहद खुश हैं। कोच जसवंत सिंह ने कहा कि जीतकर लौटने पर उसका जोरदार अभिनंदन किया जाएगा।