अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
जिला मुख्यालय की रविवार की सुबह अन्य दिनों से कुछ खास रही। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित राहगीरी कार्यक्रम के दौरान शहर कुछ घंटों के लिए आनंद के आलम में डूब गया। मकर संक्रांति पर हुए अपनी तरह के इस खास आयोजन में हर वर्ग की उल्लेखनीय भागीदारी रही। राहगीरी कार्यक्रम में युवाओं, बुजुर्गों व महिलाओं ने खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पतंगबाजी, मुक्केबाजी, जुंबा डांस, साइकिलिंग, दौड़, कैरम बॉर्ड, कुश्ती, गली क्रिकेट, वालीबॉल, योगा, जिमनास्टिक, बैडमिंटन, सांप सीढ़ी जैसे पारंपरिक खेलों में हर किसी ने अपनी भागीदारी निभाई। राहगीरी में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की मुहिम को ओर अधिक सशक्त करने और सड़क सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। झज्जर के लिंगानुपात के आंकड़े में हुए खासे सुधार को एक कदम ओर आगे ले जाने के लिए राहगीरी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने बेटियों की समानता और जागरूकता की शपथ दिलाई।
ये रहे मौजूद
राहगीरी कार्यक्रम के सफल आयोजन में एडीसी सुशील सारवान, एसडीएम झज्जर रोहित यादव, जिला परिषद सीईओ शिखा, सीटीएम अश्वनी कुमार सहित, डीडीपीओ विशाल कुमार, डीईओ सतबीर सिवाच, डीएसओ सत्यदेव मलिक, जिला सूचना एवं जनसपंर्क अधिकारी नीरज कुमार व महिला एवं बाल विकास की कार्यक्रम अधिकारी सुनैना सहित जिले के तमाम विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित हुए।
छात्रा को दिया स्मृति चिह्न
राहगीरी में स्नेह और ममता की अद्भुत मिसाल देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि ओम प्रकाश धनखड़ को स्मृति चिह्न दिया गया। मंत्री महोदय ने कार्यक्रम स्थल से सबसे छोटे बच्चे को स्टेज पर आने के लिए आमंत्रित किया। मंच पर पूजा नाम की बच्ची आई। मंत्री ने पूजा को अपना स्मृति चिह्न भेंट किया। जब ये पता चला कि पूजा का आज जन्मदिवस भी है। मंत्री महोदय ने बच्चे को पुष्प गुच्छ भी भेंट किया।
उपायुक्त ने की पतंगबाजी
राहगीरी के अवसर पर पतंगबाजी के लिए भी विशेष सत्र रखा गया था। जिला प्रशासन की ओर से पतंगबाजी के लिए नि:शुल्क पतंग व देसी मांझे का इंतजाम किया गया था। पतंगबाजी करने वाले बच्चों व युवाओं के साथ डीसी सोनल गोयल ने भी पतंगबाजी का आनंद लिया। उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त सुशील सारवान व एसडीएम रोहित यादव ने भी पतंगबाजी की।
मिमिक्री आर्टिस्ट अमित व जोगेंद्र कुंडू ने बढ़ाया राहगीरी का मजा
राहगीरी के दौरान हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से तहसील स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। भिवानी से आए मिमिक्री आर्टिस्ट अमित वर्मा ने अमरीश पुरी, सैफ अली खान, जॉनी लीवर, अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, सनी देओल आदि कलाकारों की आवाज निकाली और लोगों को जमकर हंसाया। हरियाणा के ख्याति प्राप्त कलाकार जोगेंद्र कुंडू ने भी हरियाणवी संस्कृति से ओत-प्रोत प्रस्तुति दी। हरियाणवी ताऊ की वेशभूषा में आए जोगेंद्र कुंडू के साथ युवाओं ने जमकर सेल्फी ली।
राहगीरी : सेहत, स्वास्थ्य और मनोरंजन के अनूठे संगम में जमकर थिरका झज्जर
- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
- एक ही प्लेटफार्म पर मुक्केबाजी, पतंगबाजी, साइकलिंग और रंगारंग कार्यक्रम