अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
फर्जी डिग्रियां बनाने के मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस पूरी भाग दौड़ कर रही है। शनिवार को पुलिस टीमें राजस्थान व दूसरे राज्यों स्थित यूनिवर्सिटी के लिए रवाना हुई। मामले में शीघ्र ही कुछ और लोगों की गिरफ्तारी होने की संभावना है। हालांकि मास्टर माइंड संदीप अभी पुलिस पकड़ से बाहर है।
इस मामले की जड़ तक पहुंचने के लिए पुलिस की कई टीमों का किया गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस की तीन टीमें तीनों आरोपियों को अलग-अलग यूनिवर्सिटी लेकर रवाना हो गई। एक टीम राजस्थान गई है तो शेष दो टीमें अन्य राज्यों की यूनिवर्सिटी में पूछताछ के लिए गई हैं। इनके अलावा जिन यूनिवर्सिटी के अधिकारियों एवं मालिकों के नाम सामने आए हैं, पुलिस उनसे भी पूछताछ करेगी। हरियाणा पुलिस मामले को सुलझाने के लिए राजस्थान, उत्तर प्रदेश व हिमाचल व अन्य प्रदेशों की पुलिस के संपर्क में है।
संस्थानों पर भी नजर
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में जिन यूनिवर्सिटी के नाम सामने आए हैं, उन यूनिवर्सिटी में बहादुरगढ़ के कई शिक्षण संस्थान बच्चों के एडमिशन दिलाते हैं। ऐसे में इन संस्थानों पर भी पुलिस की नजर है। पुलिस की मानें तो ऐसे संस्थानों के रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। इन्होंने जिन बच्चों को डिग्रियां डिप्लोमे दिलाए हैं, उनकी जांच की जाएगी। यदि कोई दोषी मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी।
जल्द सुलझाएंगे केस
उधर, शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने कहा कि मामले को सुलझाने के लिए 3 टीमों का गठन किया गया है। तीनों टीमें गहनता से जांच कर रही हैं। शीघ्र ही मास्टर माइंड संदीप व इस काम में लिप्त तमाम लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये है पूरा मामला
दरअसल, पिछले करीब एक साल से एमआईई स्थित एक कार्यालय में विभिन्न यूनिवर्सिटी की फर्जी डिग्री-डिप्लोमे बनाने का काम चल रहा था। बृहस्पतिवार को सिटी पुलिस थाने की टीम ने यहां छापा मारा तो काफी मात्रा में फर्जी डिग्रियां, डिप्लोमे, मोहर, प्रिंटर एवं चेक आदि बरामद हुए थे। पुलिस ने मौके से अमित, सुनील व रवींद्र को गिरफ्तार कर लिया था। इनको पुलिस ने रिमांड पर लिया है जबकि मास्टर माइंड संदीप पहले ही फरार हो चुका था। ये युवक डिग्रियां बनाकर यूनिवर्सिटी तक पहुंचाते थे। इस मामले में देश की दर्जनभर से अधिक यूनिवर्सिटी के नाम सामने आए हैं। कुछ यूनिवर्सिटी के मालिक एवं अधिकारी भी पुलिस के शक के दायरे में हैं।
फर्जी डिग्री मामला : पुलिस टीमें दूसरे राज्यों की यूनिवर्सिटी के लिए रवाना
मास्टर माइंड संदीप अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर