अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
दिल्ली-रोहतक रेलमार्ग पर गांव परनाला के निकट ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। मामले में 174 के तहत हादसे में मौत की कार्यवाही की गई है।
मूलत: उत्तर प्रदेश का निवासी प्रवीण कुमार पिछले कुछ समय से बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में रहता है। जानकारी अनुसार रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए कुछ दिन पहले प्रवीण की पत्नी कुंती व बच्चा और छोटा भाई सुनील गांव चले गए। शनिवार को वे कालिंदी एक्सप्रेस गाड़ी से वापस आए। गाड़ी से उतरकर वे ट्रैक के साथ-साथ छोटूराम नगर की तरफ जा रहे थे। परनाला फाटक के नजदीक जब वे ट्रैक पार कर रहे थे तो अचानक शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे कुंती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में नन्हा बच्चा बच गया। हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल सुनील को संभाला और राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्यवाही शुरू की। पुलिस शव को नागरिक अस्पताल में ले आई। यहां पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया जबकि घायल का इलाज चल रहा है।
ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, देवर घायल
गांव परनाला के पास हुआ हादसा