एसपी से लगाई अवैध कब्जा हटवाकर बंद रास्ता खुलवाने की गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
काकड़ौली हट्ठी पंचायत की अगुवाई में बुधवार को ग्रामीणों ने एसपी सुनील दलाल से मुलाकात की। ग्रामीणों ने एसपी के सामने बंद पड़े रास्ते को खुलवाने व अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। एसपी सुनील दलाल ने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन पंचायत को दिया है।
एसपी को सौंपी शिकायत में पूर्व सरपंच भरत सिंह, संजय, मांगेराम, रामकिशन पंच, ओमप्रकाश, संदीप, सत्यवान, कमल सिंह, रामफल, कुलदीप, सुरेश, शमशेर आदि ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव से जगरामबास, मांढ़ी केहर की तरफ जो रास्ता जाता है उस पर कुछ ग्रामीणों ने कब्जा कर इसे बंद कर रखा है। इसके चलते ग्रामीणों सहित स्कूली बच्चों को परेशानी उठानी पड़ रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इसके चलते ग्रामीणों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिस कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने एसपी सुनील दलाल से समस्या का समाधान करवाने की मांग की। एसपी ने जल्द ही इस मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।