झज्जर। नगरपालिका की दुकानों में सालों से किरायेदार बनकर अपना रोजगार चला रहे दुकानदारों को अब नपा जल्द ही मालिक बनाने वाला है। साल 2019-20 में नपा द्वारा लक्ष्य रखा गया है कि 20 किरायेदारों को मालिक बनाकर उनसे दो करोड़ का राजस्व नपा के खाते में जमा करवाया जाएगा। सरकार की पॉलिसी के अनुसार कलेक्टर रेट पर दुकानदारों को नपा की जमीन बेची जाएगी। बाजार के दुकानदारों को इस रेट के अनुसार 18 गज वाली नपा की दुकानों का मालिक बनने के लिए करीब 10 लाख रुपये खर्च करने होंगे। जबकि मुख्य बाजार की दुकानों का बाजार भाव इससे कहीं ज्यादा है। ऐसे में इन किरायेदारों के लिए मालिक बनने का यह अच्छा अवसर है।
शहर में हैं नपा की 362 दुकानें
शहर में नगरपालिका की 362 दुकानें हैं। इनमें से करीब योजना के तहत 300 किरायेदार पात्र हैं। वहीं योजना का लाभ उठाने के लिए 36 किरायेदारों द्वारा नपा के पास आवेदन भी जमा करवा दिया गया है। इसमें से पांच किरायेदारों को मालिक बनाने के लिए पहले चरण में उनके दस्तावेज पूरे कर हाउस की सहमति दर्ज करवा ली गई है। डीसी की अध्यक्षता में कमेटी अब इस पर जल्द फैसला करेगी।
किरायेदार मालिक बनने की मुख्य शर्तें
योजना के तहत नपा की दुकान में 20 साल से किरायेदार होना चाहिए। उक्त किरायेदार की तरफ नपा का किराया पेंडिंग नहीं होना चाहिए। दुकानदार द्वारा दुकान के साथ पक्का अतिक्रमण नहीं किया होना चाहिए। इन शर्तों को पूरा करने वाला किरायेदार दुकान खरीदने के लिए आवेदन कर सकता है।
कुछ किरायेदार नहीं चाहते मालिक बनना
शहर की 362 दुकानों से केवल 36 आवेदन आने के पीछे वजह यह है कि काफी दुकानों का किराया पुराने समय के अनुसार 150 से 700 रुपये तक है। ऐसे दुकानदार मालिक बनने के लिए 10 लाख रुपये खर्च करने के पक्ष में नहीं हैं। ऐसे दुकानदार चाहते हैं कि जब उनका काम मामूली किराये में चल रहा है तो फिर वे इतनी बड़ी रकम क्यों खर्च करें।
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर खर्च होंगे दो करोड़
शहर के किरायेदारों को मालिक बनाकर उनसे दो करोड़ कमाने का लक्ष्य रखने वाली नपा इस पैसे को निवेश करने के लिए नई जगह तलाश रही है। राव तुलाराम चौक स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के पास खाली जमीन पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने पर नपा विचार कर रही है। इस जमीन पर नपा करीब 50 दुकानों वाला कॉम्प्लेक्स खड़ा कर सकती है। इससे नपा को किराये के तौर पर फिर से रेवेन्यू एकत्रित करने का अवसर तो मिलेगा ही लेकिन इसके साथ-साथ नपा की पूंजी का भी सही निवेश होगा।
20 साल पुराने किरायेदारों को मालिक बनाने की दिशा में सरकार के द्वारा उठाया गया कदम सराहनीय है। व्यापारी इस कदम की प्रशंसा करते हैं। मुख्य बाजार में काफी दुकानदारों को इस पॉलिसी का लाभ मिलेगा।
राकेश अरोड़ा, प्रधान, व्यापार मंडल झज्जर।
प्रदेश सरकार की पॉलिसी के तहत नपा की दुुकानों में 20 साल से अधिक समय से किरायेदार बने दुकानदारों को मालिक बनाने का अवसर दिया गया है। इसके लिए अब तक 36 आवेदन आ चुके हैं। इस साल करीब 20 दुकानों को बेचकर उनसे दो करोड़ का राजस्व प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
नरेंद्र सैनी, नपा सचिव, झज्जर।