झज्जर। अंतरराष्ट्रीय योग शिविर को लेकर जिला मुख्यालय पर पांच हजार लोगों का टारगेट रखा गया था। जिसे पूरा करने के लिए 16 जून तक रजिस्ट्रेशन कार्य जहांआरा बाग स्टेडियम में चलाया गया। जहां तय समय में केवल 2600 रजिस्ट्रेशन हो पाए थे। इस कारण रजिस्ट्रेशन का समय बढ़ाते हुए 20 जून कर दिया गया और 17 जून को कबीर जयंती के सरकारी अवकाश के बावजूद जिला आयुर्वेदिक कार्यालय में रजिस्ट्रेशन करवाए गए। फिर भी चार दिन में केवल 100 लोगों ने ही रजिस्ट्रेशन करवाए तो अब चार हजार कर्मचारियों को योग शिविर के लिए रजिस्टर्ड किया गया है।
विभागों को मिला है टारगेट
योग दिवस पर भीड़ जुटाने के लिए सरकारी विभागों को अधिकारियों द्वारा टारगेट दिया गया है। शिक्षा विभाग को सबसे अधिक भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग को भी बड़ी संख्या में लोगों को एकत्रित करने का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं अन्य विभागों से भी सूची मांगी गई थी कि वो कितने कर्मचारी योग शिविर में लेकर आएंगे। खास बात यह है कि अध्यापकों की हाजिरी भी स्टेडियम में ही लगेगी।
विधानसभा स्तर पर होंगे कार्यक्रम
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र झज्जर, बादली, बहादुरगढ़ और बेरी में शुक्रवार को आयोजित होंगे। विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बादली विधानसभा का कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बादली के मैदान में होगा। प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ बादली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। झज्जर में जहांआरा बाग स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम में हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता चौहान, बहादुरगढ़ में विधायक नरेश कौशिक, बेरी में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की चेयरपर्सन गार्गी कक्कड़ मुख्य अतिथि होंगी।
पायलट रिहर्सल में योग के लाभ बताए
विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाले योग दिवस समारोह की झज्जर, बादली, बहादुरगढ़ और बेरी में वीरवार को पायलट रिहर्सल हुई। उपायुक्त संजय जून ने जहांआरा बाग स्टेडियम में आयोजित रिहर्सल कार्यक्रम का शुभारंभ किया, वहीं बादली में एसडीएम जगनिवास ने रिहर्सल कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पायलट रिहर्सल के दौरान बादली, बेरी, बहादुरगढ़ व झज्जर में आयुष विभाग की ओर से योगाचार्यों ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। योगाभ्यास के साथ-साथ प्रतिभागियों को योग से होने वाले लाभ व मानसिक तनाव को दूर करने में योग की भूमिका के बारे में भी बताया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सुशील सारवान, सीटीएम अश्वनी कुमार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. दलबीर सिंह राठी, जिला शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह सिवाच, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सतीश कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना, आयुष विभाग से डॉ. नरेश शर्मा, योगाचार्य बलदेव सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया।