झज्जर। गिरावड़ गांव के राजकीय स्कूल की दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम इस बार बेहद खराब रहा है। स्कूल के 19 छात्रों में से केवल एक छात्र पास हुआ है। इसी बात से दुखी ग्रामीणों ने सोमवार को स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन ग्रामीण शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने के लिए अड़े रहेे। पुलिस अधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी सतबीर सिवाच को इसकी जानकारी देकर मौके पर बुलाया। तब तक ग्रामीणों ने स्कूल में किसी भी स्टाफ सदस्य को नहीं जाने दिया। जिला शिक्षा अधिकारी सतबीर सिवाच के पहुंचने पर ग्रामीणों ने ताला खोला लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक स्कूल में पंचायत चली, जिसमें पुलिस विभाग के अधिकारी व डीईओ सतबीर सिवाच शामिल रहे।
स्टाफ बदलने की रखी मांग
ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी सतबीर सिवाच के सामने स्पष्ट कर दिया कि वे स्टाफ बदलने से कम कोई बात मानने वाले नहीं हैं। ग्रामीणों ने स्टाफ पर आरोप लगाते हुए कहा कि स्टाफ सदस्य पहले तो स्कूल में लेट आते हैं लेकिन जब क्लास लेते हैं तो वे बच्चों से बात भी सही ढंग से नहीं करते। इसी का परिणाम है कि स्कूल का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि स्टाफ सदस्य पूरे गैर जिम्मेदाराना तरीके स्कूल में कार्य कर रहे हैं।
स्कूल की होगी स्पेशल मॉनिटरिंग
खराब रिजल्ट वाले स्कूलों की भविष्य में स्पेशल मॉनिटरिंग को लेकर शिक्षा विभाग के द्वारा प्लान तैयार किया गया है, जिसकी जानकारी डीईओ ने ग्रामीणों को पंचायत में दी। उन्होंने कहा कि वे खुद लगातार स्कूल के संपर्क में रहकर हालात सुधारने के लिए प्रयासरत रहेंगे।
खराब रिजल्ट को लेकर ग्रामीणों ने स्कूल गेट पर ताला लगाया था। स्कूल स्टाफ का लेकर भी कुछ शिकायतें ग्रामीणों ने दी हैं। जिसकी जांच कर सही पाने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्कूल की स्पेशल मॉनिटरिंग विभाग के द्वारा की जाएगी।
सतबीर सिवाच, डीईओ, झज्जर।