चरखीदादरी। राष्ट्रीय कृमि दिवस पर जिला स्वास्थ्य विभाग 1.32 लाख बच्चों को अल्बेंडाजोल टेबलेट खिलाएगा। इसका मकसद उन्हें खून की कमी व कुपोषण से बचाना है। जिला टास्क फोर्स की बैठक में जिला उपायुक्त अजय तोमर ने सीएमओ व सभी सदस्यों को दिशा-निर्देश दे दिए हैं। इस संबंध में सोमवार को एनएचआरएम के एमडी ने वीडियो कांफ्रेंस भी की है। जिले को मिले लक्ष्य में ड्राप आउट बच्चे भी शामिल हैं। अगर कोई आठ फरवरी को दवा लेने से वंचित रह जाता है तो 14 फरवरी को वह दवा ले सकता है।
सीएमओ विरेंद्र यादव ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि दिवस के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि 40 हजार अल्बेंडाजोल का स्टॉक उनके पास पहले से था जबकि 1.40 लाख टेबलेट अब पहुंची हैं। इस समय सिविल अस्पताल में एक लाख 90 हजार टेबलेट मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि आठ फरवरी को जिले के सभी स्कूलों, कालेजों, ईंट-भट्ठों, क्रशर जोन, स्लम बस्तियों आदि जगहों पर विभाग की टीमें पहुंचकर बच्चों को टेबलेट देंगी। उन्होंने बताया कि यह टेबलेट एक साल के बच्चे से लेकर 19 साल तक के युवक को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं। इस मुहिम में सरपंचों, ग्राम सचिवों, स्कूल संचालकों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एनएसएस व एनसीसी यूनिट के बच्चे भी विभाग की मदद के लिए आगे आए हैं और इनकी मार्फत भी बच्चों को स्कूलों में टेबलेट खिलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि बच्चों में ही पेट के कीड़े ज्यादा होते हैं और इसके चलते उनका शारीरिक विकास रुक जाता है और खून की कमी हो जाती है। यह टेबलेट इससे बचाने में सहायक है।
बाक्स: ये बातें रखें ध्यान
- गोली को निगलने के बजाए चबाकर खाएं।
- अभिभावक बच्चे को खाना खिलाकर ही स्कूल भेजें ।
- आठ फरवरी को अभिभावक बच्चे को न दें सूखा भाजन।
- बच्चे को स्कूल भेजने से अभिभावक न करें गुरेज।
बाक्स: इन बातों से करें परहेज
- भूखे पेट न लें अल्बेंडाजोल टेबलेट।
- बीमार होने की अफवाहों पर न दें ध्यान।
- तबीयत बिगड़ने पर घबराने की नहीं है जरूरत।
बाक्स: आज एडीसी लेंगे स्कूल संचालकों की बैठक
राष्ट्रीय कृमि दिवस पर चलाए जाने वाले अभियान के लिए एडीसी मनोज कुमार आज सभी स्कूल संचालकों की बैठक लेंगे। बैठक में स्कूलों संचालकों से इस मुहिम में सहयोग मांगा जाएगा। सीएमओ विरेंद्र यादव ने बताया कि निजी स्कूल एसोसिएशन पहले ही सकारात्मक आश्वासन दे चुकी है। आज होने वाली बैठक में एडीसी भी इस संदर्भ में दिशा-निर्देश देंगे।
बाक्स: सुरक्षित है अल्बेंडोजोल, बच्चों को भेजें स्कूल: सीएमओ
सीएमओ विरेंद्र यादव ने बताया कि अल्बेंडाजोल पूर्णतया सुरक्षित टेबलेट है। इसके दुष्प्रभाव कोई नहीं है। अभिभावकों से अपील है कि आठ फरवरी को अपने बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें। सुबह आठ से लेकर दोपहर दो बजे तक बच्चों को अल्बेंडाजोल टेबलेट दी जाएगी।