धांधलान गांव की बेटी बनी लेफ्टिनेंट, गांव में खुशी का माहौल
बेरी। देश की रक्षा को समर्पित गांव धांधलान ने अब सेना को महिला अधिकारी देकर नई भागीदारी तय की है। गांव की बेटी अक्षिता को सेना में लेफ्टिनेंट का रैंक मिला है। यह पहला मौका है जब गांव की किसी बेटी को देश रक्षा के लिए सेना में जाने का मौका मिला है। अक्षिता अहलावत के लेफ्टिनेंट बनने के बाद परिवार के अलावा पूरे गंाव में भी खुशी का माहौल है।
देश रक्षा का फर्ज मिला विरासत में
अक्षिता के पिता स्वर्गवासी प्रेमजीत अहलावत वायुसेना से बतौर सार्जेंट रिटायर हुए थे। वहीं अक्षिता के दादा ने भी वायुसेना में अपनी सेवाएं दी हैं। सेना के मेडिकल विभाग में अक्षिता की पहली पोस्टिंग कानपुर स्थित एयरफोर्स के हास्पिटल में की गई है।
पूर्व सेनाध्यक्ष की कथनी को किया सच
बेरी क्षेत्र के निवासी सेना के पूर्व अध्यक्ष जनरल दलबीर सुहाग अपने कार्यकाल के दौरान जब यहां पहुंचे थे तो उन्होंने कहा था कि झज्जर क्षेत्र के बेटे सेना और वायु सेना में बड़े अफसर बन रहे हैं लेकिन जब बेटियां अफसर बनेगी तो अलग ही खुशी मिलेगी।