जिले के 99 राजकीय स्कूलों के 3416 बच्चों ने दी सक्षम परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। सक्षम हरियाणा योजना के तहत जिले में शुक्रवार को 99 स्कूलों में सक्षम परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 3416 छात्र प्रविष्ट हुए। परीक्षा की मॉनीटरिंग में बीईईओ, बीईओ तथा डीईओ ने की।
परीक्षा के नोडल अॅाफिसर एवं सक्षम सेल के पीओसी राकेश गोदारा ने बताया कि दादरी ब्लॉक से 47 व बाढड़ा ब्लॉक से 52 स्कूलों में यह परीक्षा संपन्न हुई। इन स्कूलों का चयन दो दिन पहले किया गया था। इस परीक्षा में कक्षा तीसरी, पांचवीं व सातवीं के 3416 बच्चे शामिल हुए । कक्षा तीसरी वर्ग में 1096, कक्षा पांचवीं में 1158 व कक्षा सात वर्ग में 1162 बच्चे प्रविष्ट हुए। हिंदी व गणित दो विषयों की यह परीक्षा ली गई। बच्चों के बौद्धिक क्षमता व सामान्य विषयी ज्ञान से जुड़े 35 प्रश्न पूछे गए।
गोदारा ने बताया कि समक्ष हरियाणा प्लान के तहत कोई ब्लॉक तभी सक्षम माना जाएगा जब उसके 80 प्रतिशत बच्चे 50 प्रतिशत या इससे अधिक अंक लेकर उत्तीर्ण होंगे। यह परीक्षा एजेंसी की ओर से आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान सक्षम सेल की ओर से चरखी दादरी डीईओ रोहतास वर्मा, डीईईओ सुनीता पंवार, बीईओ जयप्रकाश सभ्रवाल, बीईओ प्रकाश फौैगाट, बीईईओ कुलदीप सिंह, बीईईओ कपूर सिंह राणा के अलावा डाइट सीनियर प्रवक्ता सरोजबाला, डाइट प्राचार्या विजय लक्ष्मी, हरीश पांडेय, विपिन कुमार ने इन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।