अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। कभी निजी विज्ञापनों, बेतरतीब ढंग से लगे पोस्टरों से बदरंग सरकारी इमारतों की दीवारों का नजारा अब बदलाव की दस्तक देने लगा है। जिला मुख्यालय पर सरकारी इमारतों की दीवारों के सुंदरीकरण के लिए मनाए जा रहे स्ट्रीट आर्ट फेस्टिवल के चलते रंग-बिरंगी तस्वीरों से सजी हर दीवार अब बोलते हुए प्रतीत हो रही है। प्रशासन के द्वारा किए गए इस प्रयोग ने सरकारी दीवारों के सुंदरीकरण की नई इबारत लिख दी है। झज्जर से पहले स्ट्रीट आर्ट का प्रयोग राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बंगलूरू, गोवा के साथ-साथ हरियाणा के मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में भी सफल साबित हुआ है। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाइवे पर गुरुग्राम से गुजरते समय दीवारों के सुंदरीकरण को दुनिया भर में सराहा गया है।
- शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाती दीवारें
हालांकि झज्जर में स्ट्रीट आर्ट का प्रयोग जहांआरा बाग स्टेडियम की दीवारों पर पहले हो चुका था लेकिन स्टेडियम की दीवारों पर पेंटिंग प्रोफेशनल आर्टिस्ट ने तैयार की थी। जबकि स्ट्रीट आर्ट फेस्टिवल में स्कूली बच्चों व झज्जर शहर में पेंटिंग का शौक रखने वाले बुजुर्गों व युवाओं ने भी भागीदारी की। स्ट्रीट आर्ट फेस्टिवल से अब स्टेडियम के साथ-साथ जिला सैनिक बोर्ड, सिंचाई विभाग, बिजली निगम, गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, झज्जर-गुरुग्राम मार्ग पर लघु सचिवालय के सामने पब्लिक हेल्थ की दीवार पर बनी पेंटिंग आज झज्जर शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा रही है। स्कूली बच्चों के साथ-साथ गुरूग्राम की फाइन आर्ट संस्था चित्रयोग के कलाकारों की भी झज्जर शहर के सुंदरीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। चित्रयोग फाइन आर्ट ग्रुप हरियाणा स्वर्ण जयंती महोत्सव तथा हैपनिंग हरियाणा समिट के दौरान गुरुग्राम की दीवारों को निखारने का काम भी कर चुका है।
क्लीन सिटी एनवॉयरमेंट का संदेश सार्थक
स्वच्छ भारत मिशन तथा क्लीन सिटी-क्लीन एनवायरमेंट के संदेश का सार्थक साबित करने वाले स्ट्रीट आर्ट का असल उद्देश्य युवा शक्ति को सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाना है। उपायुक्त के विजन पर आधारित स्ट्रीट आर्ट के कांसेप्ट को धरातल पर उतारने में झज्जर के एसडीएम रोहित यादव की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि झज्जर के स्ट्रीट आर्ट में सबसे खास बात यह है कि जिले के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने इसमें अपना योगदान दिया है। गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दीवारों पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरी-भरी पेंटिंग अपने आप में एक अनूठा प्रयोग है। स्कूली बच्चों ने अपने प्रदर्शन में जो क्रिएटिविटी दिखाई है, उसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है।