अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
प्रदेश के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के उस बयान पर पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने तंज कसा है जिसमें धनखड़ ने कहा है कि गांव के स्टार देखकर ही बेटियां अपनी शादी करेंगी। भुक्कल का कहना है कि मंत्री महोदय के इस प्रकार की बयानबाजी करने की बजाय पहले प्रदेश की बेटियों के सुरक्षित रहने के लिए सरकार को बिगड़ी कानून व्यवस्था पर शिकंजा कसना होगा।
झज्जर में अपने निवास स्थान पर पार्टी कार्यकर्ताओं के रूबरू होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए भुक्कल ने कहा कि मंत्री केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं। जबकि सभी को पता है कि मंत्री ने विस चुनाव से पूर्व प्रदेश के कुंवारों की शादी दूसरे प्रदेशों में कराने की बात कही थी।
उन्होंने कहा कि जनता व जन प्रतिनिधियों की समझ में यह कतई समझ में नहीं आता कि मंत्र इस प्रकार की बयानबाजी क्यों करते रहते हैं। कभी उनका मन नाचने को करता है तो कभी वह दूसरे राज्यों कही बेटियां हरियाणा में लाने की बात करते हैं। मानेसर के जमीन मामले में पूर्व सीएम चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ दायर की गई चार्जशीट पर बोलते हुए भुक्कल ने कहा कि अब यह जग जाहिर हो चुका है कि सरकार राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है।
यह सब कुछ पूर्व सीएम हुड्डा की इसी माह शुरू होने वाली रथयात्रा को रोकने के लिए हो रहा है। क्योंकि सरकार को पता है कि जब पूर्व सीएम हुड्डा की रथयात्रा निकलेगी तो उस दौरान हरियाणा की राजनीति के समीकरण ही बदल जाएंगे और आमजन के शक्ति प्रदर्शन को देखकर हुड्डा विरोधियों को भी इस बात का अहसास हो जाएगा कि हरियाणा मेें अगली सरकार किसकी होगी और उसका मुखिया कौन होगा।