पार्ट टाइम कर्मचारियों का एक साल से रुका वेतनमान दे विभाग
चरखी दादरी।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ से संबंधित सर्व कर्मचारी संघ एवं स्कूल टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया जिला कार्यकारिणी ने जिला प्रधान रमेश जाखड़ के नेतृत्व में कर्मचारियों की मांगों को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश सभ्रवाल से मुलाकात की। कर्मचारियों की मांगों के बारे में चर्चा करते हुए प्रधान रमेश जाखड़ ने कहा कि दीपावली के पर्व पर भी चतुर्थ श्रेणी पार्ट टाइम कर्मचारियों को गत एक वर्ष से भी ज्यादा समय बीतने पर वेतन नहीं मिला है। एक तरफ तो जहां इन कर्मचारियों को वेतन के नाम पर बहुत ही कम मेहनताना मिलता है तो दूसरी तरफ एक वर्ष में पगार न मिलने से परिवार का जीवन यापन करना दुभर हो रहा है। इसलिए उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी से मांग करते हुए कहा कि जिला चरखी दादरी के तीनों खंडों में पार्ट टाइम कर्मचारियों को दीपावली से पहले हर हाल में वेतन दिलवाया जाएं।
इसके अतिरिक्त हरियाणा अध्यापक संघ ने मांग की है कि जिला चरखी दादरी को अलग जिला मानते हुए जिला स्तर की प्रत्येक गतिविधि हरियाणा स्वर्ण जयंती प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, जवाहरलाल नेहरू विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी प्रतियोगिता, बाल-विज्ञान कांग्रेस, एनएमएमएस एवं एनटीएससी की परीक्षा तथा प्रत्येक जिला स्तर की गतिविधि चरखी दादरी में ही आयोजित करवाई जाए। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष जयवीर सिंह, सचिव रामपाल, सह-सचिव सुन्दरपाल फौगाट, खण्ड प्रधान बौंद कलां कृष्ण शास्त्री, खण्ड प्रधान दादरी राजेन्द्र सिंह, सचिव रविन्द्र कुमार, सर्व कर्मचारी संघ दादरी सचिव राजेश फौगाट, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जिला प्रधान रमेश मौड़ी आदि उपस्थित थे।