क्रशरों को हटवाने की मांग, डीसी और एसपी को सौंपा ज्ञापन
चरखी दादरी।
गांव कलियाणा के ग्रामीण ओवरलोडिंग डंपरों और खनन कार्य के चलते होने वाले प्रदूषण से परेशान है। शहीद भगत सिंह युवा संगठन के सदस्यों और अन्य ग्रामीणों ने सोमवार को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में समस्या के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।
अपने मांगपत्र में उन्होंने कहा कि उनका गांव कलियाणा पहाड़ियों की तलहटी में बसा हुआ है। इन पहाड़ियों से निर्माण के लिए पत्थरों को निकालने के लिए कई क्रशर यहां लगे हुए हैं। पत्थरों को तोड़ने के लिए वे जिस कार्यप्रणाली व सामग्री का प्रयोग करते हैं उससे उठी धूल का गुबार सीधा गांव की तरफ आता है। इससे ग्रामीणों को सांस लेने में भी दिक्कतें हो रही हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इन क्रशरों को चलाने के लिए सरकारी नियमों को ताक पर रखा जाता है। पत्थर तोड़ने के कार्य में पानी का प्रयोग आवश्यक है जिससे धूल न उठें लेकिन सरेआम इस नियम की अवहेलना की जा रही है। इसके साथ ही इन पत्थरों को ले जाने के लिए सरेआम ओवरलोडिंग भी की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्रशरों को हटाने की गुहार लगाई है। इस अवसर पर रवि राणा, शेर सिंह जांगड़ा, नितेश जांगड़ा, डां महेंद्र, रमेश, अजीत, सुनील, विजय, मनोज, रामधारी, जोगेंद्र, जयसिंह उपस्थित थे।