अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
बीमारियों से बचने के लिए एक ओर जहां स्वच्छता पर जोर दिया जा रहा है, वहीं जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा लाइनपार क्षेत्र में बीमारियां परोसी जा रही हैं। यहां पंचमुखी चौके के आसपास वाले क्षेत्र में पिछले कई दिनों से दूषित पेयजल सप्लाई हो रहा है। इस पानी को पीना तो दूर इसका इस्तेमाल दूसरे कामों में भी नहीं किया जा सकता। समस्या से यहां के लोग परेशान हैं। बुधवार को गंदा पानी आने पर लोगों ने रोष जताया और जनस्वास्थ्य विभाग से लाइन को दुरुस्त कर स्वच्छ पेयजल सप्लाई करने की मांग की है।
जौहरी नगर की गली नंबर-6 के नजदीक अप्रोच कई गलियों में पिछले कई दिनों से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। बुधवार की सुबह भी यहां पर पानी की सप्लाई की गई तो पानी का रंग सफेद न होकर बिल्कुल काला था और उसमें से बदबू आ रही थी। ऐसा लग रहा था जैसे पानी में सीवरेज की गंदगी मिलकर आ रही हो। यहां रहने वाली मंजू, गीता, बबली, कोमल, बरखा, सुनीता, मीना आदि महिलाओं में गहरा रोष था। महिलाओं ने कहा कि विभाग की ओर से स्वच्छ पेयजल की सप्लाई नहीं की जा रही। दूषित पानी के पीने से उनके बीमार होने की आशंका बनी हुई है। जो पानी सप्लाई हो रहा है वह पीने योग्य बिल्कुल भी नहीं है। उन्होंने कहा कि बरसाती सीजन में दूषित जल के कारण कई बीमारियां जन्म ले लेती है। ऐसे में विभाग को चाहिए कि जहां-जहां दूषित पानी सप्लाई हो रहा है वहां जांच की जाए और लोगों को पर्याप्त साफ और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
पानी खरीदकर पीने को मजबूर
गृहणियों ने बताया कि इस बारे में जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को भी अवगत कराया जा चुका है लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा। जिसके कारण अब लोगों को या तो खारा जमीनी पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है या फिर टैंकरों से मोल खरीदकर पीना पड़ रहा है। टैंकर पर एक मटका पानी 3 से लेकर 5 रुपये तक में दिया जा रहा है। उधर, विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उनके संज्ञान में कोई शिकायत नहीं आई है। यदि दूषित पानी सप्लाई हो रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी । लोग भी अपने कनेक्शन जांच लें कि कहीं उनका कनेक्शन लीक तो नहीं है।