अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय का 55वां दीक्षांत एवं वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. एमएस नरवाल दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि रहे तथा वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय, बहादुरगढ़ की सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ. संतोष मुदगिल वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह की मुख्यातिथि रही। नवस्नातकों को संबोधित करते हुए डॉ. एमएस नरवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर समाज के निर्माण की दिशा में कार्य करना चाहिए और सामाजिक असंतुलन को दूर करने के लिए भी प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर प्राचार्या दीपा कुमारी ने महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। डॉ. प्रताप फलसवाल तथा डॉ. पुष्पेंद्र काद्यान ने मंच संचालन किया। दीक्षांत समारोह के मुख्य संयोजक डॉ. एसजेडएच नकवी, दीक्षांत समारोह के संयोजक धनपत सिंह तथा पुरस्कार समारोह के संयोजक डॉ. जगदीश राहड़ थे। दीक्षांत समारोह में हिंदी, अंग्रेजी, वाणिज्य, गणित, कंप्यूटर विज्ञान तथा जनसंचार एवं पत्रकारिता विषयों के 239 स्नातकोत्तर तथा बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए व बीबीए के 168 स्नातक विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गई। प्राध्यापक धनपत सिंह, डॉ. जगदीश राहड़, डॉ. अजय कुमार, श्रीकिशन चाहर, राकेश पसरीजा, ज्योति सांगवान, डॉ. अमित भारद्वाज, श्रीकृष्ण दूहण, सौरभ जैन, प्रदीप यादव ने अपने संबंधित संकाय के डिग्रीधारकों को डिग्री लेने के लिए मंच पर आमंत्रित किया। संगीत मध्यांतर में डॉ. तमसा के नेतृत्व में संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने हरियाणवी आर्केष्ट्रा की प्रस्तुति दी और बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा जया ने हरियाणवी गीत प्रस्तुत किया। पारितोषिक वितरण समारोह में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, एनसीसी तथा एनएसएस की गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार दिया गया।
71 विद्यार्थियों को मिला गोल्ड मेडल
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. प्रताप फलसवाल ने विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों तथा छात्र प्रतिनिधियों के प्रमाण पत्रों की घोषणा की तथा महाविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. संदीप कुमार ने शैक्षणिक, दीपक कुमार ने सांस्कृतिक, श्रीकिशन चाहर ने एनसीसी, कुलदीप सिंह ने खेलकूद तथा रीना और श्रीकृष्ण दूहन ने एनएसएस के पुरस्कार विजेता विद्यार्थियों के नामों की घोषणा की। कुल 71 स्वर्ण पदक, 69 रजत पदक, 65 कांस्य पदक तथा 264 कॉलेज कलर प्रदान किए गए। शानदार शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 159, सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 63, सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेट के लिए 07, खेल गतिविधियों के लिए 28, एनएसएस के 07 श्रेष्ठ स्वयंसेवकों को पुरस्कार दिए गए। मंच सचालन डॉ. प्रताप फलसवाल और डॉ. पुष्पेंद्र काद्यान ने किया।