अमर उजाला ब्यूरो
बेरी। दूबलधन मार्ग पर दल्ला धाम के पास स्कॉर्पियो व बाइक की टक्कर होने से एक युवक की मौत व तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद बेरी थाना प्रभारी जसबीर सिंह व बेरी शहर चौकी इंचार्ज पवन कुमार मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार रोहतक जिले के गांव लाढ़ौत निवासी रवि पुत्र राजेश, पंजाब के लुधियाना निवासी दीपक पुत्र सतबीर, समसपुर निवासी मोनू पुत्र सीताराम, विकास नगर लाइनपार बहादुरगढ़ निवासी हरीश पुत्र जयसिंह हाल में अपने नाना के घर समसपुर जिला दादरी में रह रहे थे। वहां पर रहकर फ्लोर डेकोरेशन का काम करतेे हैं। रविवार को ये सभी करीब 4 बजे दूबलधन से बेरी की तरफ आ रह थे। जब वह दल्ला धाम मंदिर के पास पहुंचे तो मोड़ होने के कारण बाइक की सीधी टक्कर स्कॉर्पियो गाड़ी से हो गई। इसमेें चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बेरी के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने बहादुरगढ़ लाइन पार निवासी हरीश पुत्र जयसिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं रवि, दीपक, मोनू को प्राथमिक उपचार देकर पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। चिकित्सा अधिकारी सुशील ने बताया कि सड़क हादसे में चोट लगाने के बाद चार युवक बेरी अस्पताल में आए थे, जिनमें एक युवक ने दम तोड़ दिया और 3 युवकों को प्राथमिक उपचार देकर पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। इस बारे में जांच अधिकारी बेरी शहर चौकी इंचार्ज पवन कुमार ने बताया कि दूबलधन मार्ग पर दल्ला धाम के पास स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर होने की सूचना मिली थी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई है, जिसकी पहचान हरीश पुत्र जयसिंह के रूप में हुई है। बाकी तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआईएमएस रोहतक में भेजा गया हैं। घायलों के बयान दर्ज होने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।