अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। हरियाणा रोडवेज में वर्ष 2016 में भर्ती चालकों की सेवा समाप्ति के पत्र जारी करने और विभाग का निजीकरण करने के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने दादरी बस स्टैंड पर सोमवार सुबह रोष प्रदर्शन किया। रोडवेज कर्मियों ने सरकार व विभाग अधिकारियों पर आरोप लगाकर कहा कि रोडवेज विभाग को बंद करने की मंशा के साथ कर्मचारी विरोधी फैसले लिए जा रहे हैं।
रोडवेज नेताओं ने कहा कि 5 दिसंबर को तालमेल कमेटी की मीटिंग में सरकार व विभाग के खिलाफ रणनीति तैयार कर बड़े आंदोलन की घोषणा की जा सकती है। तालमेल कमेटी के सदस्य रणबीर गहलौत की अध्यक्षता में दादरी रोडवेज डिपो के वर्कशाप परिसर में सभी यूनियन पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने रोष मीटिंग की। मीटिंग में डिपो प्रधान राजेश रावलधी, भरपूर मिर्च, श्रीभगवान मंदोली व कृष्ण ऊण ने भी संबोधित किया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि पहले विभाग के कर्मचारियों का ओवर टाइम बंद किया बाद में ग्रामीण क्षेत्रों में बसों का ठहराव बंद करके अब चालकों को हटाया जा रहा है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। तालमेल कमेटी अब कर्मचारी हितों को लेकर संघर्ष कर रही है। अगर सरकार अपने फैसले से नहीं हटी तो इस बार आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों द्वारा माननीय हाईकोर्ट के आदेशों की अवमानना करते हुए हर रोज नए-नए कर्मचारी व जनविरोधी तुगलकी फरमान जारी किए जा रहे हैं। इसे लेकर अब पांच दिसंबर को रोहतक में तालमेल कमेटी की बैठक में सरकार की तानाशाही व हठधर्मिता के खिलाफ एक बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर धर्मबीर डाला, सोमबीर कादमा, योगेश शर्मा, हिम्मत भागवी, नरेश मोठसरा, मान सिंह व जसवंत आदि उपस्थित थे।